छतरपुर: मैट्रिमोनियल साइट से शादी के 5 साल बाद पत्नी गायब, 8 माह के बच्चे, सास और जेवर समेत फरार
छतरपुर समाचार: पति ने बताया कि प्रियंका अक्सर बंगाली भाषा में किसी से फोन पर बात करती थी। पुलिस महिला और बच्चे की तलाश कर रही है।
Publish Date: Fri, 11 Sep 2026 05:20:38 PM (IST)Updated Date: Fri, 11 Sep 2026 05:21:34 PM (IST)
लापता पत्नी की शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचा पीड़ित। नईदुनियाHighLights
- कैमरे बंद कर 8 माह के बच्चे संग फरार
- घर से 1 लाख नकद और जेवर गायब
- पत्नी नहीं, बस मेरा मासूम बेटा दिला दो
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। ऑनलाइन मैट्रिमोनियल साइट के जरिए बने रिश्ते का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के हमां गांव निवासी नरेंद्र विश्वकर्मा ने करीब पांच साल पहले शादी डॉट काम के माध्यम से पश्चिम बंगाल निवासी प्रियंका मुकुती से संपर्क किया था। करीब चार माह बातचीत के बाद दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद प्रियंका की वृद्ध मां भी उनके साथ रहने लगी। दंपती के दो बच्चे हैं।
पत्नी और सास के मोबाइल हैं बंद
नरेंद्र का आरोप है कि 10 सितंबर को उसका बड़ा बच्चा स्कूल गया था। इसी दौरान प्रियंका सीसीटीवी कैमरे बंद कर अपनी मां और 8 माह के बच्चे को साथ लेकर घर से चली गई। नरेंद्र के अनुसार घर से करीब एक लाख रुपए नकद, मंगलसूत्र और सोने की बालियां भी गायब हैं। पत्नी और सास के मोबाइल भी बंद हैं।
नरेंद्र ने बताया कि प्रियंका अक्सर बंगाली भाषा में किसी से फोन पर बात करती थी। काफी तलाश के बाद भी पता नहीं चलने पर उसने सिटी कोतवाली में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस महिला और बच्चे की तलाश कर रही है।
पत्नी नहीं चाहिए, बस बेटा वापस चाहिए
नरेंद्र ने कहा कि उसे पत्नी से कोई लेना-देना नहीं है। उसकी एकमात्र मांग है कि उसका 8 माह का बेटा उसे वापस मिल जाए। उसने लोगों से ऑनलाइन रिश्तों में सावधानी बरतने की अपील की।