रोजगार के लिए दुबई गया छतरपुर का युवक पहुंचा अल-वर्सा जेल, एजेंट पर पैसे मांगने का आरोप
स्वजन के अनुसार अनिल ने जेल से फोन कर परिवार को बताया कि उसने कोई गलत काम नहीं किया है। परिवार का आरोप है कि एजेंट की ओर से उनसे पैसे की मांग की जा रह...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 01 Oct 2026 05:58:00 PM (IST)Updated Date: Thu, 01 Oct 2026 05:58:50 PM (IST)
HighLights
- पेंटिंग के काम पर गया था दुबई
- धोखाधड़ी में फंसाने का आरोप
- एंबेसी के जरिए दुबई पुलिस से संपर्क
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। रोजगार की तलाश में दुबई गया सरानी गांव का युवक अनिल कुशवाहा पिछले करीब 15-20 दिनों से अल-वर्सा जेल में बंद है। बेटे की गिरफ्तारी से परेशान परिवार ने अब छतरपुर पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। स्वजन की शिकायत पर पुलिस ने मामले की प्राथमिक जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि युवक किस मामले में जेल में बंद है और उसके खिलाफ क्या कार्रवाई हुई है, इसकी जानकारी जुटाने के लिए एम्बेसी के माध्यम से दुबई पुलिस से संपर्क किया जा रहा है।
एजेंट के जरिए दुबई की बीसीसी कंपनी में पेंटिंग का काम करने गया था
अनिल के पिता बलवान कुशवाहा के मुताबिक उनका बेटा 16 मई 2025 को एजेंट पप्पू सिंह के माध्यम से दुबई की बीसीसी कंपनी में पेंटिंग का काम करने गया था। उसके साथ सरानी गांव का ही रियाज खान भी दुबई गया था। परिवार का आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद अनिल को फ्राड के एक मामले में फंसा दिया गया। पिता का दावा है कि रियाज खान दो दिन बाद ही जेल से बाहर आ गया, जबकि अनिल अभी तक जेल में है।
एजेंट मांग रहा है पैसे
स्वजन के अनुसार अनिल ने जेल से फोन कर परिवार को बताया कि उसने कोई गलत काम नहीं किया है। परिवार का आरोप है कि एजेंट की ओर से उनसे पैसे की मांग की जा रही है और कहा गया है कि रकम देने के बाद ही अनिल को जेल से बाहर कराया जा सकेगा। इसके बाद स्वजन ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मामले की चल रही है जांच
एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि फिलहाल मामले की प्राथमिक जांच चल रही है। पुलिस एम्बेसी के माध्यम से दुबई पुलिस से संपर्क करने के साथ एजेंट की लोकेशन और दुबई स्थित कंपनी के एम्प्लायर से जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार संबंधित पक्षों से संपर्क होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।