छतरपुर के जलविहार मेले में आर्केस्ट्रा डांस पर विवाद, वीडियो वायरल होने पर उठे गरिमा पर सवाल
इस विवाद ने मेले के सांस्कृतिक स्वरूप पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
Publish Date: Sat, 07 Nov 2026 10:20:51 AM (IST)Updated Date: Sat, 07 Nov 2026 10:21:56 AM (IST)
आर्केस्ट्रा में महिला डांसरों की प्रस्तुति व पहनावे पर लोगों ने की आपत्ति। वीडियाग्रेबHighLights
- आर्केस्ट्रा डांस और पहनावे पर भारी आपत्ति
- बुंदेली लोककला की उपेक्षा का आरोप
- नगरपालिका और आयोजकों से जवाब की मांग
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। ऐतिहासिक जलविहार मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की गरिमा और आयोजन की जिम्मेदारी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नगरपालिका की ओर से आयोजित आर्केस्ट्रा शो में महिला डांसरों की फिल्मी गानों पर प्रस्तुति के वीडियो तीन दिन बाद सामने आए तो स्थानीय लोगों ने उनके पहनावे और डांस के तरीके पर आपत्ति जताई।
लोगों का कहना है कि मेले में ऐसे कार्यक्रम हुए, जिन्हें परिवार और बच्चों के साथ देखना सहज नहीं था।
मेले के सांस्कृतिक स्वरूप पर कई सवाल हुए खड़े
इस विवाद ने मेले के सांस्कृतिक स्वरूप पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रियासतकाल से पहचान रखने वाले जलविहार मेले में बुंदेली लोककला, स्थानीय प्रतिभाओं और पारिवारिक मनोरंजन को प्राथमिकता मिलनी चाहिए, न कि फूहड़ प्रस्तुतियों को।
लोगों ने विधायक ललिता यादव, नपाध्यक्ष ज्योति चौरसिया, सीएमओ माधुरी शर्मा और आयोजन से जुड़े जिम्मेदारों से जवाब मांगा है। महिला पार्षदों और महिला आयोग की जिला अध्यक्ष रेखा यादव की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कार्यक्रम की अनुमति और निगरानी की जिम्मेदारी तय करने की मांग की गई है।