
नईदुनिया प्रतिनिधि, महाराजपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 6, भटीपुरा से एक दिल दहला देने वाली और सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक 42 वर्षीय अधेड़ ने कथित तौर पर गृहस्थ जीवन के बंधनों से मुक्त होने और साधु बनने की चाह में कुल्हाड़ी से अपना ही गुप्तांग काट डाला। अत्यधिक खून बह जाने के कारण व्यक्ति की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है। उसे तत्काल छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उसकी जान बचाने का प्रयास कर रही है।
जानकारी के अनुसार भटीपुरा निवासी राममिलन यादव शनिवार सुबह करीब 9 बजे रोज की तरह अपने खेत के पास स्थित कुएं पर गया था। वहां उसने अचानक पास रखी कुल्हाड़ी उठाई और अपने गुप्तांग पर जोरदार वार कर दिया। इस आत्मघाती कदम के बाद वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। दर्द से तड़पने के बावजूद उसने हिम्मत दिखाकर खुद फोन करके चचेरे भाई को घटना की जानकारी दी।
जैसे ही चचेरे भाई और अन्य स्वजन को अनहोनी की सूचना मिली, वे तुरंत दौड़ते हुए खेत पर पहुंचे। वहां का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए। राममिलन खून से लथपथ तड़प रहा था। स्वजन उसे बिना वक्त गंवाए तत्काल छतरपुर जिला अस्पताल लेकर आए और आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया। डाक्टरों के अनुसार शरीर से अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी हालत गंभीर है और उसे गहन निगरानी में रखा गया है।
अस्पताल में जब डाक्टरों और उपस्थित लोगों ने इस खौफनाक कदम की वजह पूछी, तो राममिलन का जवाब सुनकर सब हैरान रह गए। उसने बताया कि वह अब सांसारिक मोह-माया छोड़कर पूरी तरह साधु जैसा जीवन जीना चाहता है।
उसने कहा कि सांसारिक जीवन में रहते हुए मुझसे भविष्य में कोई पाप या गलत काम न हो जाए, इसी डर के कारण मैंने यह कदम उठाया है। युवक के बयान से साफ है कि वह किसी गहरे मानसिक द्वंद्व या अंधविश्वास के प्रभाव में था।
घटना ने हंसते-खेलते परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। राममिलन के परिवार में दो बेटा और दो बेटियां हैं। 25 जून को उसकी एक बेटी की शादी है जिसकी तैयारियां घर में बड़े जोर-शोर से चल रही थीं। खुशियों के इस माहौल के बीच अचानक हुए इस हादसे से पूरा परिवार सदमे में है। इसके अलावा, राममिलन की पत्नी भी लंबे समय से लकवा (पैरालिसिस) जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित है, जिससे परिवार पहले से ही परेशान था।
यह भी पढ़ें- NEET पेपर लीक पर भारी बवाल, भोपाल में NSUI कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज, प्रदेश उपाध्यक्ष घायल; दिग्विजय सिंह गिरफ्तार
रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात के बाद पूरे महाराजपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में सनसनी फैल गई है। खेत से लेकर अस्पताल तक लोगों की भारी भीड़ जमा है। घायल के भाई नारायण सिंह यादव का कहना है कि राममिलन लंबे समय से गांजे का सेवन कर रहा है। नशे से मानसिक संतुलन प्रभावित होने से घटना को अंजाम दिया।
उसने बताया कि गुप्तांग काटकर कुएं में फेंक दिया है। अजीबोगरीब और आत्मघाती कदम को लेकर स्थानीय लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस को इस मामले की सूचना दे दी गई है और प्रशासन मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच में जुट गया है।