भगवान श्रीकृष्ण पर धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी से छतरपुर में तनाव, बागेश्वर धाम कूच के ऐलान पर हाईवे जाम
इंटरनेट मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुछ युवक लाठियों को तेल पिलाते और जूते दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को धमकी देते नजर आ रहे हैं।
Publish Date: Fri, 13 Nov 2026 01:54:52 PM (IST)Updated Date: Fri, 13 Nov 2026 01:55:24 PM (IST)
हिंदू संगठनों ने फोरलेन हाईवे पर लगाया जाम। वीडियोग्रेबHighLights
- तालाबंदी के ऐलान पर समर्थक लामबंद
- नेशनल हाईवे-39 पर लगा लंबा जाम
- करैरा कथा की टिप्पणी से भड़का विवाद
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। भगवान श्रीकृष्ण पर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर छतरपुर में विवाद गहरा गया है। यादव महासभा के अध्यक्ष दामोदर यादव ने विरोध प्रदर्शन करते हुए बागेश्वर धाम पहुंचकर तालाबंदी करने का ऐलान किया था। इसके जवाब में धाम के समर्थक भी लामबंद हो गए हैं। इंटरनेट मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुछ युवक लाठियों को तेल पिलाते और जूते दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को धमकी देते नजर आ रहे हैं।
मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे
शुक्रवार को विवाद ने उस समय तनावपूर्ण रूप ले लिया, जब बागेश्वर धाम के समर्थकों ने बृजपुरा के पास नेशनल हाईवे-39 पर जाम लगा दिया। इससे सड़क पर वाहनों की कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हुआ। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने की आशंका को देखते हुए छतरपुर और बागेश्वर धाम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।
विरोध में डंडे पर तेल लगाते वीडियो वायरल और समर्थक उत्तम सिंह ने दामोदर यादव के लिए दिखाएं जूते। वीडियोग्रेब सोशल मीडिया पर खुली चुनौती
धाम समर्थकों की ओर से जारी वीडियो में युवा लाठियों के साथ नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक हजार से अधिक युवाओं के तैयार होने का दावा किया गया है। वहीं, गढ़ा निवासी उत्तम सिंह ने दामोदर यादव को खुली चुनौती देते हुए कहा कि धाम में आने वाले प्रदर्शनकारियों का जूते से स्वागत किया जाएगा। इस तरह की बयानबाजी से विवाद और बढ़ने की आशंका है।
29 अक्टूबर के बयान से शुरू हुआ विवाद
- विवाद की शुरुआत 29 अक्टूबर को शिवपुरी जिले के करैरा में कथा के दौरान पं. धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी से हुई। उन्होंने भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना करते हुए श्रीकृष्ण के टेढ़े स्वरूप, बांसुरी बजाने और गाय चराने को लेकर टिप्पणी की थी।
उन्होंने कहा था कि कृष्ण तीन जगह से टेढ़े खड़े होते हैं, जबकि भगवान राम सीधे खड़े होते हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा था कि बंसी बजाना और गाय चराना खेल है, जबकि धनुष चलाना खेल नहीं।
इस टिप्पणी के बाद यादव महासभा ने विरोध जताया। अब विरोध प्रदर्शन और जवाबी धमकियों के बीच मामला धार्मिक आस्था के साथ कानून-व्यवस्था की चुनौती बनता जा रहा है। पुलिस-प्रशासन के सामने दोनों पक्षों को आमने-सामने आने से रोकने और शांति बनाए रखने की जिम्मेदारी है।