छतरपुर में डॉक्टरों के अटैचमेंट समाप्त, 3 दिन में मूल पदस्थापना स्थल पर लौटने के निर्देश
सीएमएचओ कार्यालय द्वारा जारी आदेश में संबंधित चिकित्सकों को तत्काल प्रभाव से मूल पदस्थापना स्थल पर लौटने और तीन दिन के भीतर उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
Publish Date: Fri, 23 Oct 2026 04:11:13 PM (IST)Updated Date: Fri, 23 Oct 2026 04:11:40 PM (IST)
HighLights
- सीएमएचओ कार्यालय ने जारी किए आदेश
- स्वास्थ्य विभाग की नई पदस्थापनाएं
- ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं में होगा सुधार
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टरों के संलग्नीकरण समाप्त कर दिए हैं।
सीएमएचओ कार्यालय द्वारा जारी आदेश में संबंधित चिकित्सकों को तत्काल प्रभाव से मूल पदस्थापना स्थल पर लौटने और तीन दिन के भीतर उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य आयुक्त, भोपाल और क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं, सागर संभाग के निर्देशों के पालन में यह कार्रवाई की गई है। इसके तहत जिला अस्पताल में संलग्न सर्जिकल विशेषज्ञ डॉ. मोहम्मद तौसीफ को मातागुवां, डॉक्टर आशीष शुक्ला और निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. सुकृति जैन को नौगांव भेजा गया है।
मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. अमित निशीथ प्रकाश अग्रवाल की पदस्थापना महाराजपुर तथा डॉ. सना सिद्दीकी और डॉ. महेंद्र कोरी की ईशानगर में की गई है। इसके अलावा डॉ. रुचि शर्मा को खजुराहो, डॉ. नरेंद्र मिश्रा को नौगांव, डॉ. आनंद चौरसिया को गढ़ीमलहरा और डॉ. जितेंद्र अहिरवार को गौरिहार में सेवाएं देनी होंगी।
इस फैसले से ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों में डाक्टरों की उपलब्धता बढ़ने और स्थानीय मरीजों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है। अब आदेश के पालन पर निगाह रहेगी।