छतरपुर: केन नदी में वृद्ध दंपती ने लगाई छलांग, तलाश में जुटी SDRF टीम, पहचान में लगी पुलिस
एसडीआरएफ की टीम नदी के गहरे हिस्सों और घाट के आसपास लगातार सर्चिंग कर रही है। नदी का तेज बहाव और अधिक गहराई बचाव अभियान में बाधा बन रही है।
Publish Date: Fri, 25 Sep 2026 03:38:38 PM (IST)Updated Date: Fri, 25 Sep 2026 03:39:20 PM (IST)
सर्चिंग करती एसडीआरएफ टीम। नईदुनियाHighLights
- टोरिया घाट पुल पर हड़कंप
- तेज बहाव में SDRF का रेस्क्यू
- पहचान के लिए खंगाले जा रहे सुराग
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। छतरपुर-पन्ना नेशनल हाईवे पर टोरिया घाट स्थित केन नदी के बड़े पुल से शुक्रवार को एक वृद्ध दंपती के नदी में छलांग लगाने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बमीठा थाना पुलिस और चंद्रनगर चौकी का बल मौके पर पहुंचा। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने मोटरबोट और गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू कर दी। देर तक दंपती का कोई सुराग नहीं मिल सका।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
घटना के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती नदी में लापता दंपती की पहचान करना है। पुलिस पुल और आसपास के इलाके में छोड़े गए वाहनों व सामान की जानकारी जुटाने के साथ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। इसके अलावा आसपास के थाना क्षेत्रों में हाल के दिनों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों से भी जानकारी का मिलान किया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल से नदी में छलांग लगाए जाने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में राहगीर मौके पर जुट गए। पुलिस ने भीड़ को हटाकर पुल और नदी के दोनों किनारों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
रेस्क्यू जारी है
एसडीआरएफ की टीम नदी के गहरे हिस्सों और घाट के आसपास लगातार सर्चिंग कर रही है। नदी का तेज बहाव और अधिक गहराई बचाव अभियान में बाधा बन रही है।
पुलिस के अनुसार फिलहाल दंपती की पहचान और घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।