बिजली कर्मचारी और बेटे पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला, वीडियो वायरल होने पर 4 आरोपी गिरफ्तार
इस पूरी वारदात का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
Publish Date: Sun, 20 Sep 2026 05:38:26 PM (IST)Updated Date: Sun, 20 Sep 2026 05:40:33 PM (IST)
बिजली कर्मचारी और बेटे के साथ मारपीट करते असमाजिक तत्व और पुलिस गिरफ्त में आरोपी। वीडियोग्रेबHighLights
- ड्यूटी के दौरान विवाद और हमला
- बीच-बचाव में बेटे की भी पिटाई
- वायरल वीडियो से पहचान, 4 गिरफ्तार
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर/बारीगढ़। जिले के लवकुशनगर क्षेत्र स्थित बारीगढ़ कस्बे में सरकारी दायित्वों का निर्वहन कर रहे बिजली विभाग के एक कर्मचारी और उसके बेटे पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस पूरी वारदात का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
असामाजिक तत्वों ने विद्युत कर्मचारी को घेरकर हमला बोल दिया
जानकारी के अनुसार बिजली कंपनी बारीगढ़ में पदस्थ विद्युत कर्मचारी कल्लू भुर्जी शनिवार को सरकारी कार्य के सिलसिले में क्षेत्र में गए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर स्थानीय लोगों से उनकी कहासुनी हो गई।
विवाद इतना बढ़ गया कि करीब 8 से 10 असामाजिक तत्वों ने कर्मचारी को घेरकर उन पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमले कर दिए।
पिता को घिरता देख बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बेटे को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा और दोनों के साथ जमकर मारपीट की।
पिता-पुत्र को बेरहमी से लाठी-डंडों से पीटते असमाजिक तत्व। वीडियोग्रेब
आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडे बरामद
दिनदहाड़े हुई इस हिंसा के बाद जुझारनगर थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वायरल वीडियो को मुख्य आधार बनाकर आरोपियों की पहचान शुरू की। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने और मारपीट करने के मामले में चार मुख्य आरोपी कालू सिंह, धर्मेंद्र सिंह, लोकेश सिंह और सचिन अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडे भी बरामद कर लिए गए हैं, और उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की शिनाख्त और मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।