
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। ओरछा रोड थाना क्षेत्र के गोरगांय गांव में बुधवार सुबह खेत पर बने कमरे में 45 वर्षीय किसान शिवराम उर्फ शेरा यादव का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लहूलुहान हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। किसान के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं।
घटनास्थल पर खून बिखरा हुआ था और पुलिस को एक बुलेट भी मिला है। ऐसे में पुलिस ने किसान की सिर पर गोली लगने से मौत होने की आशंका जताई है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
स्वजनों के अनुसार शिवराम बुधवार सुबह करीब 5 बजे रोज की तरह खेत पर बंधी भैंस का दूध निकालने के लिए घर से निकला था। करीब तीन घंटे बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा तो पत्नी श्याम यादव उसे तलाशते हुए खेत पर पहुंचीं। खेत में बने कमरे के अंदर शिवराम को खून से लथपथ बेसुध पड़ा देखकर उन्होंने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के मुताबिक घटना से करीब एक सप्ताह पहले शिवराम तीन दिन तक लापता रहा था। स्वजनों ने रिश्तेदारों से संपर्क करने के साथ इंटरनेट मीडिया पर भी उसकी गुमशुदगी की जानकारी साझा की थी। बाद में वह भोपाल के पास से सकुशल घर लौट आया था। लौटने के बाद वह सामान्य रूप से रह रहा था। पुलिस इस गुमशुदगी को भी वर्तमान घटना की जांच से जोड़कर देख रही है।
सूचना मिलने पर करीब 9:30 बजे ओरछा रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य जुटाए और ग्रामीणों से पूछताछ की। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में अवैध पार्किंग धीमी कर रही ट्रैफिक की रफ्तार, रोजाना जाम वाले चौराहों पर होगी अतिरिक्त बल की तैनाती
घटना में गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका है। मौके से एक बुलेट भी मिला है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। जल्द ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। - रजत सकलेचा, एसपी