अंतिम संस्कार में जा रहा परिवार हादसे का शिकार: छतरपुर में ट्रक-बोलेरो की भीषण भिड़ंत, 5 की मौत; गैस कटर से निकाले शव
टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग वाहन में फंस गए। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों और बचाव दल ने काफ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 26 Sep 2026 06:57:44 PM (IST)Updated Date: Sat, 26 Sep 2026 06:59:55 PM (IST)
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। वीडियोग्रेबHighLights
- चौका गांव के पास बोलेरो के उड़े परखच्चे
- गंभीर घायल चालक ग्वालियर रेफर, अस्पताल में पसरा मातम
- मलबे से निकाले शव, ट्रक चालक की तलाश जारी
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। सागर-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चौका गांव के पास शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे बिजावर के रैकवार परिवार की बोलेरो सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 5 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बोलेरो चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे जिला अस्पताल से जेएएच ग्वालियर रेफर किया गया है।
![naidunia_image]()
बिजावर क्षेत्र के हैं सभी मरने वाले
हादसे में दौलत रैकवार (40), उनकी पत्नी बीना रैकवार (38), श्यामबाई रैकवार (60), संजय रैकवार (25) और कौशल्या रैकवार (50) की मौत हुई है। सभी बिजावर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। बताया गया है कि परिवार बगौता गांव में अपने रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहा था। रास्ते में चौका के पास यह हादसा हो गया।
टक्कर के बाद लोहे के मलबे में बदल गई बोलेरो
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग वाहन में फंस गए। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों और बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। वाहन में फंसे लोगों को निकालने के लिए गैस कटर सहित अन्य उपकरणों की मदद लेनी पड़ी। हादसे के बाद सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहनों का मलबा और कांच बिखर गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
अस्पताल में मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के स्वजन अस्पताल पहुंचे। एक साथ पांच लोगों की मौत की खबर से अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। जिस परिवार के सदस्य एक रिश्तेदार की अंतिम विदाई में शामिल होने निकले थे, उन्हें खुद अंतिम विदाई देने की स्थिति में पहुंचना पड़ा।
पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल चालक छोटू रैकवार निवासी रगौली की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।