छतरपुर में सड़क दुर्घटना में प्रेमी की मौत, सदमे में प्रेमिका ने भी फांसी लगाकर दी जान
स्वजन का आरोप है कि रेत परिवहन में लगे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मारी।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 08:43:17 AM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 08:43:43 AM (IST)
प्रेमी प्रदीप और प्रेमिका खुशूब के फाइल फोटो।HighLights
- गंभीर घायल युवक की उपचार के दौरान मौत
- मौत की खबर सुनते ही युवती ने लगाई फांसी
- परिवार की रजामंदी से होने वाली थी शादी
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। दो परिवारों के बीच शादी की सहमति बनी थी और दोनों की जिंदगी एक नए रिश्ते में बंधने की उम्मीद जगी थी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। शुक्रवार को सड़क हादसे में 22 वर्षीय प्रदीप अनुरागी की मौत हो गई। उसकी मौत की खबर जब 23 वर्षीय खुशबू तक पहुंची तो उसने भी फांसी लगाकर जान दे दी।
प्रेमी प्रदीप सड़क पर घायल मिला, सिर में थी गहरी चोट
जानकारी के अनुसार नौगांव क्षेत्र के इन्द्रहटा गांव निवासी प्रदीप अनुरागी पिता अर्जुन अनुरागी शुक्रवार शाम करीब चार बजे नौगांव-ददरी-बिलहरी मार्ग पर गंभीर रूप से घायल मिला था, उनके सिर में गहरी चोट थी। स्वजन उन्हें नौगांव अस्पताल ले गए, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। स्वजन का आरोप है कि रेत परिवहन में लगे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मारी। ट्रैक्टर बिलहरी निवासी मदनपाल का बताया जा रहा है।
शादी कराने के लिए राजी हो गए थे दोनों परिवार
दूसरी ओर, गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के निवाड़ी गांव निवासी खुशबू पिता दिलीप अनुरागी ने रात में फांसी लगा ली। बताया जा रहा है कि दोनों के प्रेम संबंधों की जानकारी के बाद बीते दिनों दोनों परिवार शादी कराने के लिए राजी हो गए थे। खुशबू सिलाई सेंटर और ब्यूटी पार्लर संचालित कर आत्मनिर्भर जीवन जी रही थी।