नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। दिव्य दरबार के दौरान बागेश्वर धाम के पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हनुमान चालीसा और हनुमान भक्ति के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि हमें गर्व है कि हम हनुमान जी के भक्त हैं और हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं।
पीएम और कैप्टन के बीच हुई वीडियो कॉल का किया जिक्र
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कैप्टन स्मिथ के बीच हुई वीडियो कॉल पर बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि कैप्टन स्मिथ ने हनुमान चालीसा के पाठ को लेकर जो बात कही, वह गौरव का विषय है।
बागेश्वर महाराज के अनुसार, जब विमान दुर्घटनाग्रस्त होने की स्थिति में था और उसमें 100 से अधिक लोग सवार थे, तब स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी।
ऐसे समय में कैप्टन स्मिथ ने अपनी जान की परवाह किए बिना विमान को नियंत्रित करने का प्रयास किया और यात्रियों की जान बचाने में सफलता हासिल की।
हनुमान चालीसा के पाठ से विमान संभाल सके
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉल के दौरान कैप्टन स्मिथ से पूछा कि इतनी गंभीर परिस्थिति में उन्हें आत्मविश्वास कैसे मिला और उन्होंने विमान को किस तरह नियंत्रित किया।
इस पर कैप्टन स्मिथ ने बताया कि जब विमान नीचे गिरने लगा, तब उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया। उनके अनुसार, हनुमान चालीसा के पाठ से उन्हें आत्मविश्वास मिला और वे विमान को संभाल सके।
आत्मविश्वास और साहस की होती है शक्ति प्रकट
बागेश्वर महाराज ने कहा कि हनुमान जी की भक्ति करने वाले व्यक्ति के भीतर आत्मविश्वास और साहस की शक्ति प्रकट होती है। संकट की घड़ी में यही विश्वास व्यक्ति को कठिन परिस्थितियों का सामना करने का संबल देता है।