मुर्गा और 1 हजार रुपये नहीं मिलने पर घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बाल-बाल बचा युवक; छतरपुर के चंदला का मामला
गोली के निशान घर की दीवार की पट्टी पर दिखाई देने की बात सामने आई है।
Publish Date: Thu, 22 Oct 2026 06:27:27 PM (IST)Updated Date: Thu, 22 Oct 2026 06:28:00 PM (IST)
थाने में लिखित शिकायत लेकर खड़ा पीड़ित परिवार। नईदुनियाHighLights
- मुर्गा और पैसों के लिए धमकी
- फायरिंग से परिवार में दहशत
- मौके से कारतूस और छर्रे बरामद
नईदुनिया न्यूज, चंदला (छतरपुर)। छतरपुर जिले के चंदला थाना क्षेत्र के छपरा गांव में कथित तौर पर मुर्गा और एक हजार रुपये की मांग को लेकर घर पर गोलीबारी किए जाने का मामला सामने आया है।
फायरिंग से पहले दी धमकी
आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर आरोपी ने पहले धमकी दी और फिर देर रात घर के बाहर पहुंचकर फायरिंग कर दी। घटना के दौरान एक युवक बाल-बाल बच गया। गोली के निशान घर की दीवार की पट्टी पर दिखाई देने की बात सामने आई है।
सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची मौके पर
जानकारी के अनुसार छपरा गांव निवासी राजाराम राजपूत से कथित तौर पर गांव के ही अजय राजपूत ने एक दिन पहले देसी मुर्गा और एक हजार रुपये की मांग की थी। आरोप है कि मांग पूरी नहीं करने पर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी। इसके बाद बीती रात जब पीड़ित परिवार के सदस्य घर के बाहर मौजूद थे, तभी आरोपी के पहुंचकर 315 बोर के कट्टे से कई राउंड फायरिंग करने का आरोप है।
इस दौरान एक युवक गोली की चपेट में आने से बच गया। घटना की सूचना मिलते ही चंदला थाना क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंची।
आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कारतूस और छर्रे बरामद किए तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। गोलीबारी के बाद पीड़ित परिवार में भय का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने भी घटना पर चिंता जताई है। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण है। पीड़ित पक्ष ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।