छतरपुर में चरित्र पर शक में पत्नी को हंसिये से काटा, फिर पति ने खुद का गला रेता; पर्ची पर लिखी खौफनाक वजह
छतरपुर क्राइम समाचार: गंभीर हालत में घायल पति राजाबाबू केवट को ग्वालियर रेफर कर दिया है, जहां उसका पुलिस अभिरक्षा में उपचार चल रहा है।
Publish Date: Mon, 31 Aug 2026 04:11:32 PM (IST)Updated Date: Mon, 31 Aug 2026 04:12:43 PM (IST)
घायल पति ने स्वजन व पुलिस की मौजूदगी में कागज में लिखा बयान, पत्नी पर जताया संदेह। नईदुनियाHighLights
- दंपति में रात 2 बजे हिंसक विवाद
- पति ने कागज पर लिखे आरोप
- जांच में जुटी पुलिस
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। पत्नी के चरित्र पर शक और कथित साजिश के संदेह ने एक परिवार को खून से रंग दिया। छतरपुर जिले के बंसिया थाना क्षेत्र की नेहरा ग्राम पंचायत के मोतीपुरवा गांव में रविवार देर रात एक पति ने हंसिये से पत्नी के गले और शरीर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने उसी धारदार हथियार से अपनी गर्दन पर वार कर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में घायल पति को ग्वालियर रेफर किया गया है, जहां उसका पुलिस अभिरक्षा में उपचार चल रहा है।
रात दो बजे दोनों के बीच हुआ विवाद, जो हो गया हिंसक
जानकारी के अनुसार बंसिया थाना क्षेत्र के मोतीपुरवा गांव निवासी करीब 30 वर्षीय राजाबाबू केवट की शादी पन्ना जिले के मुहाना गांव निवासी सियाप्यारी से करीब 13 वर्ष पहले हुई थी। रविवार को राजाबाबू पत्नी को उसकी मायके से विदा कराकर मोतीपुरवा स्थित घर लेकर आया था। रात करीब दो बजे दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।
घटना स्थल पर मौजूद स्वजन व पुलिस। नईदुनिया पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर विवाद !
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर विवाद की बात सामने आई है। आरोप है कि राजा बाबू ने घर में रखे हंसिये से सियाप्यारी के गले और शरीर पर कई वार किए। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चीख-पुकार सुनकर पहुंचे स्वजनों ने राजा बाबू को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर किया गया। बंसिया पुलिस ने घटनास्थल से हंसिया जब्त कर लिया है। महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और स्वजन व ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस के सामने बयान लिखता घायल पति। नईदुनिया
बोल नहीं पाया तो कागज पर लिखे आरोप
पत्नी की हत्या के बाद राजाबाबू ने उसी हंसिये से अपनी गर्दन पर वार कर लिया। गर्दन में गंभीर चोट होने के कारण वह पुलिस से बोलने की स्थिति में नहीं था। पूछताछ के दौरान उसने पेन और कागज मांगा और लिखकर अपनी बात बताई।
राजा बाबू ने लिखित रूप से पत्नी पर उसे धोखा देने और उसकी हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया। उसने यह भी दावा किया कि पत्नी पहले भी उसे मारने का प्रयास कर चुकी थी। उसने अपने बच्चों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि पुलिस ने उसके आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है और इन्हें जांच का विषय बताया है।
प्रारंभिक तौर पर पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर हत्या की बात सामने आई है। वहीं सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने कहा कि घटना के सभी पहलुओं की जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। - संजय पांडेय, थाना प्रभारी बंसिया, छतरपुर