छतरपुर में पति और नाबालिग बेटे ने की पत्नी के प्रेमी की हत्या, 4 साल से लिव-इन में रह रही थी महिला
सात दिन तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद प्रेमी ने ग्वालियर में दम तोड़ दिया।
Publish Date: Tue, 03 Nov 2026 12:02:00 PM (IST)Updated Date: Tue, 03 Nov 2026 12:02:29 PM (IST)
ग्वालियर में चला था इलाज। फाइल फोटो नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। पत्नी के चार साल से दूसरे व्यक्ति के साथ लिव-इन रिलेशन में रहने से उपजा पारिवारिक विवाद आखिरकार हत्या में बदल गया। नाराज पति ने अपने नाबालिग बेटे के साथ मिलकर पत्नी के प्रेमी पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया।
सात दिन तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद घायल ने ग्वालियर मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। घटना गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम ऊजरा की है।
गंभीर हालत में संदीप को ग्वालियर रेफर किया
पुलिस के अनुसार 24 अक्टूबर को सरजू कुशवाहा (39) और उसके नाबालिग बेटे ने गांव के ही संदीप यादव (33) पर हमला किया था। गंभीर हालत में संदीप को जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जांच में सामने आया कि सरजू की पत्नी करीब चार साल पहले पति और दोनों बच्चों को छोड़कर संदीप के साथ रहने लगी थी। एक ही गांव में रहने के कारण इस रिश्ते को लेकर विवाद होता रहता था।
बच्चों को भी सुनने पड़ते थे ताने
पुलिस के मुताबिक बच्चों को भी मां के अलग रहने के कारण साथियों के ताने सुनने पड़ते थे। थाना प्रभारी ओशो गुप्ता ने बताया कि आरोपित सरजू को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि नाबालिग बेटा फरार है। ग्वालियर से मर्ग डायरी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी।