
नईदुनिया न्यूज, भगवां। स्कूलों में बच्चों को पोषण और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के दावों के बीच सोरखी स्कूल से मध्यान्ह भोजन में छिपकली मिलने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो प्रसारित होने के बाद बच्चों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और रसोई की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार स्कूल में बच्चों को मध्यान्ह भोजन वितरित किया जा रहा था। इसी दौरान भोजन में छिपकली मिलने की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि भोजन तैयार करने की जिम्मेदारी समूह संचालक लखन यादव की है। घटना के बाद अभिभावकों में बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता है।
इस मामले ने भोजन पकाने से लेकर बच्चों की थाली तक पहुंचाने की प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर भोजन में छिपकली कैसे पहुंची, क्या भोजन तैयार करने के दौरान साफ-सफाई और सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन किया जा रहा था, क्या भोजन वितरण से पहले उसकी जांच की जाती है, ऐसे कई सवाल उठ रहे हैं।
मामले में बीआरसी बड़ामलहरा प्रमोद राजपूत ने कहा कि घटना की जांच कराई जाएगी। जांच में लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अब निगाहें प्रशासनिक जांच पर हैं, ताकि बच्चों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।