_20261124_222626_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। स्वामी रामदेव की टिप्पणी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने संतुलित प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने किसी तरह का पलटवार करने के बजाय संतों के बीच आपसी सम्मान, संयम और सहिष्णुता बनाए रखने का संदेश दिया। शास्त्री ने कहा कि किसी की प्रशंसा अच्छी लगे और आलोचना बुरी, ऐसा व्यवहार उचित नहीं है। प्रशंसा और निंदा दोनों को समान भाव से स्वीकार करना चाहिए।
मंच से अपनी बात रखते हुए पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने स्वामी रामदेव को वरिष्ठ और अभिभावक के समान बताया। उन्होंने कहा कि चार दिन पहले ही स्वामी रामदेव ने मंच से स्नेहपूर्वक उनकी प्रशंसा की थी। अब यदि उन्होंने कोई दूसरी बात कही है तो उसे भी वे सहजता से स्वीकार करेंगे।
शास्त्री ने स्पष्ट किया कि उनके लिए प्रशंसा और आलोचना में कोई अंतर नहीं है। केवल अच्छी बातें सुनकर प्रसन्न होना और आलोचना होने पर आपत्ति जताना सही सोच नहीं है।
धीरेंद्र शास्त्री ने यह भी कहा कि स्वामी रामदेव ने सीधे तौर पर उनका नाम नहीं लिया है। ऐसे में इस विषय को लेकर किसी तरह का विवाद खडा करना उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी संत के प्रति अनादर का भाव नहीं रख सकते।
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर ने अपने समर्थकों से भी इस पूरे मामले को विवाद का रूप नहीं देने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य हिंदू समाज और संतों को जोडना है, न कि उनके बीच मतभेद पैदा करना। उन्होंने पूरे प्रकरण को यहीं विराम देने का आग्रह करते हुए आपसी सम्मान और सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।