
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। जिले में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस आदतन अपराधियों और निगरानी बदमाशों पर नजर रख रही है। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देश पर अक्टूबर 2026 में अब तक तीन आदतन अपराधियों के खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है, जबकि तीन को गुंडा सूची में शामिल किया गया है।
पुलिस के अनुसार अक्टूबर में जिलाबदर के लिए प्रस्तावित तीन अपराधियों में कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ी कुंजरेहटी मोहल्ला निवासी शाहिद उर्फ सद्दू खान और जगीरा उर्फ वहीद मुसलमान तथा अलीपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम अमा निवासी विक्रम सिंह यादव शामिल हैं। इनके खिलाफ प्रतिवेदन जिला दंडाधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
वहीं गुंडा सूची में कोतवाली क्षेत्र के शाहिद उर्फ सद्दू खान और जगीरा उर्फ वहीद मुसलमान के अलावा गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम करोला निवासी प्रतिपाल सिंह यादव को शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि इन अपराधियों की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है।
वर्ष 2026 में अब तक जिले में 27 अपराधियों के खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई प्रस्तावित की जा चुकी है और 56 को गुंडा सूची में शामिल किया गया है। पुलिस के अनुसार अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों और गुंडा बदमाशों की नियमित निगरानी की जा रही है। उन्हें समय-समय पर थानों में उपस्थित कर आवश्यक निर्देश भी दिए जाते हैं।