छतरपुर में शराब की ओवररेटिंग पर बवाल: दुकान कर्मचारियों और ग्राहकों में मारपीट, जमकर चले पत्थर और ड्रम; वीडियो वायरल
छतरपुर समाचार: घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और उपद्रवियों ने सड़क पर रखा नीला ड्रम तक एक-दूसरे पर फेंक दिया।
Publish Date: Tue, 15 Sep 2026 07:01:39 PM (IST)Updated Date: Tue, 15 Sep 2026 07:02:11 PM (IST)
मारपीट और पथराव का वीडियो वायरल। वीडियोग्रेबHighLights
- ओवररेटिंग पर विवाद
- मारपीट और पथराव
- पुलिस जांच शुरू
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। शहर की शराब दुकान नंबर-2 के बाहर सोमवार शाम पैसों के लेनदेन को लेकर ग्राहक और दुकान कर्मचारियों के बीच तीखी बहस के बाद हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चले और जमकर पत्थरबाजी हुई। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और उपद्रवियों ने सड़क पर रखा नीला ड्रम तक एक-दूसरे पर फेंक दिया।
राहगीरों ने बनाया वीडियो और कर दिया वायरल
स्थानीय लोगों के अनुसार शराब की कीमतों में मनमानी वसूली ओवररेटिंग और पैसों के हिसाब-किताब को लेकर ग्राहक व सेल्समैन में कहासुनी शुरू हुई थी। दुकान के अंदर से निकले कर्मचारियों ने जब ग्राहक के साथ हाथापाई की, तो जवाब में दूसरे पक्ष ने भी हमला बोल दिया। इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद एक राहगीर ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस ने की जांच शुरू
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए सिटी कोतवाली थाना पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है। पुलिस फुटेज की मदद से पत्थरबाजी और मारपीट में शामिल उपद्रवियों की पहचान कर रही है। थाना पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच के आधार पर दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।