नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। बागेश्वर धाम के मंहत धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता पदयात्रा में दूसरे दिन मंत्री राकेश सिंह और तेलंगाना की गोशा महल सीट से भाजपा विधायक टी. राजा शामिल हुए। कदारी से शुरू हुई पदयात्रा जैसे जैसे आगे बढ़ी, लोगों की भीड़ बढ़ती चली गई। पदयात्रा में पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि यह शोभायात्रा नहीं है, जो फूल बरसा रहे हो। यह सनातन हिदू एकता की पदयात्रा है, इसलिए जागो हिंदुओं नहीं तो अल्पसंख्यक होकर रह जाओगे।
कांग्रेस नेता व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बेटे जयवर्धन सिंह धीरेंद्र शास्त्री की पदयात्रा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि हिंदुओं में एकता जरूरी है और यह सनात धर्म की यात्रा है। पं. धीरेंद्र शास्त्री सनातन धर्म के लिए यात्रा कर रहे हैं और हम बाबा बागेश्वर के साथ हैं। पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री की पदयात्रा में शामिल होने के लिए आए थे। उन्होंने बाबा से मुलाकात की और यात्रा में सहभागिता की।
पदयात्रा में शामिल टी. राजा ने कहा कि हिंदुओं को जातियों में बांटा जा रहा है। जहां हिंदू जातियों में बंटा है, वहां हिंदू कटा है। जिहाद खत्म करने के लिए हिंदू सेना का शेर बनना होगा।
पदयात्रा के स्वागत में राजमार्ग से लेकर पूरे शहर में डेढ़ सौ जगहों पर द्वार बनाए गए हैं। जहां लोग हाथों में फूल बरसाने खड़े रहे। पदयात्रा का पड़ाव छतरपुर के पैप्टेक टाउन में हुआ। जहां करीब 30 हजार लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई। पूरे शहर को सुरक्षा के घेरे में लिया गया है। 700 से ज्यादा पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था को संभाल रहे हैं। पदयात्रा के दूसरे दिन दूसरे राज्यों के जनप्रतिनिधि और संतों के जुड़ने की उम्मीद है।
कादरी से चलकर यह पदयात्रा छतरपुर होते हुए पेप्टिक टाउन पहुंची, जहां पदयात्रा का दूसरा पड़ाव है। उसके बाद तीसरे दिन यह पदयात्रा शुरू होकर नौगांव के शांति कॉलेज पहुंचेगी और वहां विश्राम किया जाएगा। पदयात्रा में बुंदेली लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिल रही है जहां शौर्य और संस्कृति का संगम पदयात्रा में नजर आता रहा। बागेश्वर धाम से ओरछा तक यह 9 दिन की पदयात्रा चल रही है।
पं. धीरेंद्र शास्त्री की पद यात्रा में देश भर के 20 हजार से अधिक लोग शामिल हो रहे हैं। इनमें साधू संत तो हैं ही साथ ही विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग भी हैं। इसके अलावा धार्मिक लोग हैं। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के पदयात्रा में शामिल होने की वजह से पुलिस व प्रशासन भी सतर्कता बरत रहा है। पुलिस के सात सौ से अधिक जवान यात्रा की सुरक्षा कर रहे हैं।
पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की यात्रा को लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। यही वजह है कि पदयात्रा में खासी भीड़ है। लोगों का कहना है कि जिस मुद्दे को लेकर यह यात्रा निकाली जा रही है। इससे भी लोग उनकी पद यात्रा से जुड़ रहे हैं। यात्रा भी दिन में केवल 20 किमी का सफर कर रही है। इसके बाद यात्रा का पड़ाव होता है।