छतरपुर में जिला पंचायत सीईओ का बड़ा एक्शन: घटिया निर्माण और भ्रष्टाचार के आरोपों पर पंचायत सचिव सस्पेंड
पीएम आवास योजना में रामकिशोर चतुर्वेदी और यादवेन्द्र चतुर्वेदी की फर्जी जियोटैगिंग कर राशि जारी कराने के आरोप भी लगाए गए थे। निलंबन अवधि में सचिव का म...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 17 Oct 2026 04:58:26 PM (IST)Updated Date: Sat, 17 Oct 2026 05:07:13 PM (IST)
HighLights
- सात सीसी रोड निर्माण में मिलीं अनियमितताएं
- खाद्यान्न पर्ची के लिए मांगे थे 5 हजार रुपये
- पीएम आवास की फर्जी जियोटैगिंग का भी आरोप
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। जनपद पंचायत नौगांव की ग्राम पंचायत करारागंज में सीसी रोड निर्माण की गुणवत्ता खराब पाए जाने और अन्य शिकायतों के आधार पर पंचायत सचिव बाबूलाल अहिरवार को सस्पेंड कर दिया गया है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नमः शिवाय अरजरिया ने मध्यप्रदेश पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम, 1999 के नियम 4(1)(क) के तहत यह कार्रवाई की।
7 सीसी रोड निर्माण कार्यों की गुणवत्ता ठीक नहीं पाई
जनपद पंचायत सीईओ के 16 अक्टूबर 2026 के पत्र के अनुसार, पंचायत में सात सीसी रोड निर्माण कार्यों की गुणवत्ता ठीक नहीं पाई गई। इसके अलावा नवीन पंचायत भवन के पास अतिक्रमण हटाने में रुचि नहीं लेने और गौचर भूमि पर पीएनसी कंपनी द्वारा सड़क निर्माण के दौरान अवैध मुरम उत्खनन के मामले में कार्रवाई नहीं करने की शिकायत भी सामने आई। वहीं 25 अगस्त को जनसुनवाई में छुट्टन बेहना ने खाद्यान्न पर्ची जारी करने के एवज में पांच हजार रुपये मांगने की शिकायत की थी।
फर्जी जियोटैगिंग कर राशि जारी कराने का आरोप भी
प्रधानमंत्री आवास योजना में रामकिशोर चतुर्वेदी और यादवेन्द्र चतुर्वेदी की फर्जी जियोटैगिंग कर राशि जारी कराने के आरोप भी लगाए गए थे। निलंबन अवधि में सचिव का मुख्यालय जनपद पंचायत नौगांव रहेगा। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।