
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। बागेश्वर धाम स्थल गढ़ा गांव के पास स्थित कोड़ा गांव में किसान मोतीलाल कुशवाह को गोली मारने के मामले में धाम के कथावाचक शालिग्राम व उसके एक साथी अंकित मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को घटना के बाद चार आरोपितों पर मुकदमा लिखा गया है।
बता दें कि घटना में शालिग्राम का नाम सामने आने पर भले ही हमेशा की तरह फिर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री उससे कोई संबंध न होने की बात कही हैं परंतु धाम की व्यवस्थाओं में शालिग्राम सक्रिय रहते हैं।
सोशल मीडिया पर एक दस्तावेज भी वायरल हो रहा है जिसमें बागेश्वर धाम समिति के द्वारा खरीदी जा रही जमीनों का मालिकाना हक उनके ही नाम है।
अंचल में पं. धीरेंद्र शास्त्री की तरह ही दरबार लगाने वाले पंडोखर सरकार ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में कहा है कि लोग अपने पसीने की कमाई से जमीन प्लाट खरीदते हैं जिनको इस तरह के लोग छीनने का प्रयास करते हैं। प्रशासन ऐसे गुंडों को बचाने का प्रयास करता है।
उधर स्थानीय निवासी व वकील बृजकिशोर पांडेय ने भी सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि गढ़ा गांव के पास जमीनों को हड़पा जा रहा है। उनके पिता आशाराम पांडेय के नाम से गांव में जमीन है।
जिसे यह लोग जबरन हड़पना चाहते थे। जबरन बाउंड्री बनाने लगे थे। जिसकी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। मंगलवार को कुछ लोग कोड़ा गांव में उन्हें पूछते हुए आए थे।
जिसकी सूचना उन्होंने राजनगर पुलिस को दी थी कि यह लोग कुछ घटना घटित कर सकते हैं। वह नहीं मिले तो मोतीलाल पर गोली चला दी।