नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के नौगांव में दो सहेलियों के समलैंगिक शादी करने का मामला सामने आया है। दोनों ने डेढ़ वर्ष पहले मंदिर में शादी कर ली थी लेकिन बुधवार को शपत्र पत्र के जरिए यह जानकारी सार्वजनिक की। दोनों ने इस बात की घोषणा का एक वीडियो भी जारी किया है। दोनों की उम्र कमश: 24 व 21 वर्ष है। तीन माह के भीतर इस क्षेत्र में समलैंगिक विवाह का यह दूसरा मामला है।
नौगांव पुलिस थाने के प्रभारी सतीश सिंह के अनुसार लड़कियों के दो दिन से लापता रहने पर माता-पिता ने पुलिस से संपर्क किया था। इस बीच दोनों कानूनी सुरक्षा की मांग करने थाने पर आई थीं। बताया था कि वे एक-दूसरे से शादी कर चुकी हैं। साथ में रहना चाहती हैं। तब उन्हें अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की सलाह दी गई थी। इसके बाद उनके माता-पिता को यह जानकारी दी गई कि वह लापता नहीं हैं बल्कि मर्जी से एक दूसरे के साथ रहने का फैसला लिया है।
परिवार रिश्ते को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं था, इसलिए उन्होंने शादी के बारे में स्थानीय तहसील कार्यालय में तैयार शपथ पत्र तैयार करा कर उसे सार्वजनिक किया। शपथ पत्र में कहा गया है कि नौ दिसंबर, 2023 को एक मंदिर में दोनों ने शादी कर ली थी। परिवार के विरोध के चलते अलग-अलग रह रहे थे। अब वह स्वजन से कोई संबंध नहीं रखना चाहते। प्रशासन से भी उनकी कोई मांग नहीं है, दोनों बालिग हैं, इसलिए सोच विचारकर यह फैसला किया है।
छतरपुर के डिप्टी कलेक्टर गोपाल शरण पटेल ने बताया कि हलफनामे से समलैंगिक विवाह को कानूनी मान्यता नहीं है। न ही अभी तक उनके पास ऐसा कोई शपथ पत्र प्रस्तुत किया गया है, हालांकि मामला संज्ञान में आया है। माता-पिता के साथ बैठाकर उन्हें समझाया जाएगा। बता दें कि इसी वर्ष मार्च महीने में इसी क्षेत्र के दौरिया गांव में भी दो युवतियों के समलैंगिक विवाह का मामला सामने आया था।