
छतरपुर। दो विवाहित महिलाओं के घर से लापता होने के मामले सामने आए हैं। दोनों के पतियों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराकर पत्नियों को तलाशने की गुहार लगाई है।
पहला मामला छतरपुर शहर में शांतिनगर कॉलोनी में सामने आया है। यहां रहने वाले शिक्षक अभय जैन ने पुलिस को सूचना दी है कि उसकी पत्नी नीलम जैन 33 वर्ष अपनी 11 वर्षीय बेटी आशी जैन और 6 वर्षीय पुत्र नमी जैन के साथ घर से गायब हो गई है। अभय जैन ने शिकायत पत्र में इस बात का भी उल्लेख किया है कि उनकी पत्नी और बच्चों को भगा ले जाने में नीरज पुत्र सुरेशचंद्र का हाथ है। उन्होंने बताया है कि उनकी पत्नी नीलम ने भागने से पहले यूनियन बैंक के लॉकर से पूरे गहने निकाले इसके गवाह बैंक के सीसीटीवी कैमरे हैं। आसपास पत्नी को ढूंढ़ने के बाद पता न चलने पर अभय जैन ने पुलिस से पत्नी को तलाशने की गुहार की है।
रात दो बजे गायब हो गई पत्नी
बड़ामलहरा पुलिस अनुभाग के अंतर्गत बमनौरा थाना क्षेत्र के ग्राम हलावनी में भी एक विवाहिता के रहस्यमय तरीके से गायब होने का मामला सामने आया है। राजेन्द्र सिंह यादव ने बमनौरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसके छोटे भाई महेन्द्र यादव की 22 वर्षीय पत्नी रात में अपने घर से गायब हो गई है।
पत्नी के खोने से व्यथित पति महेन्द्र यादव का कहना है कि रात में खाना खाकर वह पत्नी सहित कमरे में जाकर सो गया और जब रात करीब दो बजे उसकी आंख खुली तो पत्नी कमरे से गायब थी। उसने बताया कि घर में और आसपास तलाशा तो पता चला कि घर के दरवाजे खुले थे शायद वह शौच के लिए गई होगी। सुबह तक इंतजार किया, लेकिन वह लौटकर नहीं आई। महेन्द्र ने पुलिस से पत्नी की तलाश करने की मांग की है।