छतरपुर देवगांव टोल प्लाजा भवन में रात की गतिविधियों का वीडियो वायरल, जांच की मांग
टोल प्लाजा मैनेजर की शिकायत पर वीडियो बनाने वाले देवगांव निवासी जीतेंद्र शर्मा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 10:43:55 AM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 10:44:23 AM (IST)
कमरे में युवती के साथ बाहरी युवक होने वीड़ियो वायरल। नईदुनियाHighLights
- बाहरी लोगों की मौजूदगी पर उठे सवाल
- सीसीटीवी फुटेज व रिकॉर्ड जांचने की मांग
- वीडियो बनाने वाले युवक पर मामला दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। झांसी-खजुराहो फोरलेन स्थित देवगांव टोल प्लाजा का प्रशासनिक भवन रात के समय कथित गतिविधियों को लेकर विवादों में है। 18 नवंबर की रात का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों ने भवन में बाहरी लोगों की मौजूदगी और उनके ठहरने की अनुमति पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
एक बच्चा भी दिख रहा है वीडियो में
इस संबंध में हरिकांत शर्मा ने पुलिस अधीक्षक और संबंधित अधिकारियों को शिकायत देकर जांच का अनुरोध किया है। शिकायत के मुताबिक, वीडियो में प्रशासनिक भवन के अलग-अलग कमरों में कुछ पुरुषों, महिलाओं और एक बच्चे की मौजूदगी दिखाई देने का दावा किया गया है। एक कमरे में टोल प्लाजा प्रबंधक के साथ अज्ञात व्यक्ति तथा दूसरे कमरे में दो महिलाओं और एक बच्चे के होने पर सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि पूछताछ के दौरान एक व्यक्ति को भवन के पिछले दरवाजे से बाहर निकाला गया। हालांकि, कथित पार्टी और अनैतिक गतिविधियों के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
सीसीटीवी फुटेज और रिकार्ड की जांच की मांग
ग्रामीणों ने मुख्य और पिछले दरवाजे सहित कमरों व गलियारों के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर जांचने की मांग की है। साथ ही पिछले 30 दिनों का ड्यूटी रोस्टर, उपस्थिति रजिस्टर और आगंतुकों का रिकार्ड खंगालने को कहा है। महिलाओं और बच्चे की पहचान गोपनीय रखने का भी अनुरोध किया गया है।
टोल प्लाजा मैनेजर की शिकायत पर वीडियो बनाने वाले देवगांव निवासी जीतेंद्र शर्मा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। ऐसे में ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि भवन में रात के समय मौजूद लोगों और कथित घटनाक्रम की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। - वाल्मीकि चौबे, थाना प्रभारी, बमीठा