छतरपुर में दो अलग घटनाओं में युवकों को बांधकर पीटा, एसपी ने दिए जांच के निर्देश
तलवा पुरवा मामले में युवक की हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 08:52:47 AM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 09:03:49 AM (IST)
महाराजपुर में बिजली के खंभे व तलवा पुरवा में पेड़ से बांधा गया युवक। वीडियोग्रेबHighLights
- तलवा पुरवा में पेड़ से बांधकर पीटा गया युवक
- महाराजपुर में खंभे से बांधने का वीडियो वायरल
- देरी से पहुंचने के आरोपों के बीच जांच शुरू
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों को पेड़ और बिजली के खंबे से बांधकर भीड़ द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। वीडियो वायरल होने पर मामले स्वयं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने संज्ञान में लेकर जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की बात कही है।
शराब के नशे में गाली-गलौज कर मचा रहा था उत्पात
पहला मामला छतरपुर शहर कोतवाली का है। तलवा पुरवा में गुरुवार रात ग्राम तिलवां निवासी बीरू रैकवार पेड़ से बंधा मिला। ग्रामीणों का आरोप था कि वह शराब के नशे में गाली-गलौज कर उत्पात मचा रहा था। इसलिए कुछ लोगों ने मारपीट कर उसे पेड़ से बांध दिया। वहीं रात में सर्दी से ठिठुर रहे बीरू को मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने मुक्त कराया। हालत गंभीर होने पर उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
बच्चों को पकड़ने की कोशिश कर रहा था नशेड़ी
दूसरा मामला शुक्रवार दोपहर में महाराजपुर के वार्ड क्रमांक 2 स्थित कुमारन मोहल्ले का है। स्थानीय लोगों के अनुसार, नशे में धुत एक व्यक्ति बच्चों को पकड़ने की कोशिश कर रहा था। इससे गुस्साए लोगों ने उसे बिजली के खंभे से बांध दिया। लोगों का आरोप है कि थाने से महज 150 से 200 मीटर दूरी होने के बावजूद पुलिस करीब दो घंटे बाद पहुंची। पहले गढ़ीमलहरा और फिर महाराजपुर पुलिस मौके पर पहुंची। युवक मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है।