
छिंदवाड़ा। जिले में अवैध रेत उत्खनन, अवैध शराब बिक्री जुआ सट्टा को लेकर भाजपा नेताओं ने कलेक्टर और एसपी से मुलाकात की और इन मामलों में ठोस कार्रवाई की मांग की। मंगलवार को पूर्व मंत्री चंद्रभान सिंह चौधरी, पूर्व विधायक चौरई पंडित रमेश दुबे, पूर्व विधायक ताराचंद बाबरिया, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश पोफली, नरेंद्र परमार व भाजपा पूर्व जिला महामंत्री उत्तम ठाकुर ने कलेक्टर सौरभ सुमन व एसपी विवेक अग्रवाल से मुलाकात की। इस दौरान नेताओं ने कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन से मिलकर अन्ना उत्सव कार्यक्रम में जिले को प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करने के लिए जिला प्रशासन को धन्यवाद व्यक्त किया। साथ ही जिले भर में खाद की कमी दूर करने के साथ ही नकली खाद विक्रय और महंगे दामों पर खाद बिक्री पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग भी रखी। सभी नेताओं ने शराब की अवैध बिक्री, जुआ, सट्टा और अवैध रेत खनन पर ठोस कार्रवाई किए जाने की मांग भी कलेक्टर और एसपी के सामने रखी। मांगों पर जिला प्रशासन ने जल्द ही ठोस कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
भाजपा की गुटबाजी उजागरः इस मुलाकात से एक बार फिर भाजपा नेताओं की गुटबाजी उजागर हो गई है। दरअसल एक युवा भाजपा नेता ने इंटरनेट मीडिया पर गुटबाजी को लेकर पोस्ट की थी, वहीं बीते कुछ दिनों से भाजपा जिला अध्यक्ष विवेक बंटी साहू और पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह एक साथ नजर नहीं आ रहे हैं। हालांकि पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह बीते कुछ दिनों से सक्रिय जरूर हुए हैं। अन्ना उत्सव कार्यक्रम में भी भाजपा नेता एक मंच पर नहीं आए। ऐसे में एक बार फिर गुटबाजी की खबरों को हवा मिली है।