छिंदवाड़ा। दीपावली का पर्व धूमधाम से विधि विधान के साथ मनाया गया। गुरुवार को जहां रात में दीपावली में लोगों ने परंपरागत तरीके से लक्ष्मी पूजा की, साथ ही जमकर आतिशबाजी भी की। कोरोना संक्रमण के चलते लंबे समय से बाजारों से रौनक गायब हो गई थी, वहीं दीपावली के त्योहार के चलते न सिर्फ बाजारों में रौनक लौटी, बल्कि छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारियों ने भी अच्छा कारोबार किया। शुक्रवार को गोवर्धन पूजा की गई। पोला ग्राउंड में खासतौर पर अहीर नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुइया उइके ने दीपावाली का त्योहार अपने गृह जिले छिंदवाड़ा में ही मनाया। शुक्रवार को उनसे मिलने वालों का तांता लगा रहा।
युवाओं की नई पहल, गरीब बच्चों के साथ मनाई दीपावली
छिंदवाड़ा। कोरोना काल के बाद इस दीपावली पर्व को लेकर लोगों ने खास तैयारियां कर रखी थी, बाजार भी गुलजार था लेकिन एक वर्ग ऐसा भी था जिसकी दीपावली इस वर्ष सूनी रहती। कोरोना काल की मार झेलने वाला गरीब परिवार इस वर्ष सिर्फ दो वक्त की रोटी का भर जुगाड़ कर पाया है, ऐसे में उनकी दीपावली उतनी खास नहीं होती जो युवाओं के संगठन ने बना दी है। शहर के कई युवाओं के संगठन ने इस वर्ष दीपावली का त्योहार गरीब बस्तियों में बच्चों के साथ मनाने का निर्णय लिया। दीपावली के दिन अपने सारे काम व घर पर पूजापाठ करने के बाद इन युवाओं ने शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों का रुख किया तथा गरीब बस्तियों में पहुंचकर बच्चों को उपहार, मिठाई व पटाखे भेंट किए। तकरीबन 10 युवाओं के संगठन ने इस सराहनीय कार्य को दीपावली की रात अंजाम दिया। बच्चों व उनके पालक इस सराहनीय कार्य को देखकर काफी प्रसन्ना हुए। डीडीसी कॉलेज के युवाओं के संगठन से जुड़े सोनू कवरेती ने बताया कि कई युवाओं ने इस सराहनीय कार्य में सहयोग किया है यह कार्य निःस्वार्थ भाव से किया गया है। इस दौरान ना ही कोई फोटो सेशन किया गया ना ही किसी को उपहार देते समय संगठन का नाम व युवाओं का नाम बताया गया।
कपड़ा बैंक ने बांटा दीपावली उपहार
कपड़ा बैंक सेवा सहयोग संगठन द्वारा दीपावली उपहार, पटाखे, प्रसाद का वितरण किया गया। संस्था की मुख्य टीम सेवा बने स्वाभाव अंतर्गत कपडा बैंक कलेक्शन प्रभारी सोनू पाटिल एवं सहयोगी ओम बरासिया संदीप सराठे, दिव्या मिश्रा के सहयोग से शहर के कृष्णा नगर, फोकट नगर, लोहार ढाना झोपड़पट्टी में बच्चों को प, लाई, बताशा, मिठाई, प्रसाद इत्यादि सामान निःशुल्क भेंट किए गए। संस्था संस्थापक हेमलता महेश भावरकर ने बताया कि दीपावली में कोई बच्चा दीपावली की पावन ख़ुशी से वंचित न रहे इस हेतु संस्था का लगातार प्रयास जारी है।
रेस्टारेंट में कराया भोजन
छिंदवाड़ा के आटोमोबाइल एजेंसी के संचालक अभिषेक पाटनी ने दीपावली की पूर्व संध्या पर एक अनूठा प्रयास करते हुए अपनी खुशियां आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के साथ बांटी, जिसकी सराहना हो रही है। समाज की मुख्य धारा से अलग इन बच्चो को रेस्टोरेंट में अभिषेक की टीम ने खाना खिलाया।