यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 13, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Lokayukta Raid in Chhindwara: तहसील कार्यालय में लोकायुक्त का छापा, पांच हजार की रिश्वत लेते पकड़ाया पटवारी
जमीन की नपती कराने के ऐवज में पटवारी ने मांगी थी रिश्वत। जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने की कार्रवाई।
By Ravindra SoniEdited By: Ravindra Soni
Publish Date: Tue, 13 Jun 2023 03:43:56 PM (IST)Updated Date: Tue, 13 Jun 2023 03:43:56 PM (IST)

छिंदवाड़ा, नवदुनिया प्रतिनिधि। राजाखोह में पदस्थ पटवारी सुशील सराठे को आज लोकायुक्त की टीम ने छिंदवाड़ा तहसील कार्यालय में पांच हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। राजाखोह निवासी अनिल सरयाम से जमीन पर कब्जा दिलाने, जमीन नपाई के नाम पर रिश्वत मांगी गई थी। तहसील कार्यालय छिंदवाड़ा में सीमांकन कराने के नाम पर आरोपित ने फरियादी से घूस मांगी थी। पटवारी के पास से नकदी जप्त कर भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
जानकारी अनुसार आवेदक राजाखोह निवासी अनिल सरेआम को जमीन का सीमांकन करवाना था, जिसके ऐवज में पटवारी सुशील सराठे ने 5000 रुपये रिश्वत की मांग की थी। इस बात से परेशान आवेदक ने जबलपुर लोकायुक्त में लिखित शिकायत की थी। लोकायुक्त ने मामले की तस्दीक करने के बाद जाल बिछाया और पटवारी को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए दबोच लिया। रिश्वत में लिए गए नोट के बाद पटवारी के हाथ धुलवाए गए, जिससे पानी का रंग गुलाबी हो गया। ट्रैप दल में स्वप्निल दास डीएसपी लोकायुक्त, निरीक्षक एवं अन्य सदस्य शामिल रहे।