
हल बक्खर की पूजा कर शुरू करते हैं खेत जोतना
गुलाब वरवड़े, दमुआ। बैसाख मास की शुक्ल पक्ष की तृतीया यदि सनातनी लोगों के लिए अक्षय पुण्य कमाने की तिथि है तो आदिवासी समाज के लिए भी बेहद खास है। गौड़ी सगा समाज इसे नए वर्ष के पहले दिन के रूप में मनाता है। स्वयंसिद्ध मुहूर्तो में से एक बैसाखी तीज को प्रकृति प्रेमी जनजाति का गौण्ड समुदाय इसे अपनी सांस्कृतिक भाषा में आखातीज कहते है ।
समुदाय समाज के लोग इसी दिन से अपने हल बक्खर की पूजा कर खेत जोतना शुरू करते है तो इसी समाज के वे लोग जो सर्पदंश पीड़ितों का उपचार करते है इसी दिन से नए फलों को खाना बंद क़र देते है। सर्प दंश से पीड़ितों का उपचार करने वाले लोगों को समाज में सपाऊर कहा जाता है । सपाऊर इस नियम का पालन ऋषि पंचमी तक करते है । प्रकृति प्रेमी आदिवासी समाज मानता है कि बैसाख जिसे गोंडी भाषा में चिंदों मास कहते है से प्रकृति में अंकुरण प्रक्रिया शुरू होती है इसीलिए रावण और मेघनाथ को अपना आराध्य मानने वाला समाज इसी दिन से खेत जोतकर सृजन की नींव रखता है।
गोंडवाना महासभा से जुड़े सहपाल शा टेकाम हरिराम सल्लाम और शिवलाल उइके का कहना है कि बैसाखी तीज को इलाक़े में बसा समाज ही नही बल्कि प्रदेश सहित छत्तीसगढ़ झारखंड उड़ीसा आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु तक फैला सारा जनजातीय समाज नववर्ष के रूप में मनाता है ।इन प्रान्तों में बसी जनजाति गोंड भरिया परधान भील ओझा उरांव कंवर अगरिया मुण्डा चकवा और संथाल तक इसे बतौर जेठा यानि वर्ष का पहला त्यौहार मानते है ।
सर्पदंश का उपचार करने वालो के लिए महत्वपूर्ण तिथि
आदिवासी समाज में सर्पदंश से पीड़ित लोगों का उपचार करनें वाला शख्स सपाऊर कहलाता है। तंत्र मंत्र से सर्पदंश के बन्ध बांधने और खोलने वाले सारे तांत्रिक आज से ही मिर्ची, करेला, ककड़ी, कुंदरू, माठ की भाजी जैसी नए फलों को अपने भोजन का हिस्सा बनाने से परहेज करने लगते है। बरसात में गणेश चतुर्थी के अगले दिन ऋषि पंचमी तक इस नियम का पालन वे लोग कड़ाई से करते है।
करते है हल और बैलों की पूजा
गोप तराई में बसे समाज के सत्तन और सकरकल उइके बताते है कि पूरा आदिवासी समाज इस दिन हल, बक्खर, बैल पाश, कुण्डरा, नाड़ी, जुआड़ी और पयाना पर चांदी के आभूषण रख पूजन पाठ करता है। इस दिन पूजन सामग्री में चार चुरना ककई आम सहित पांच फलों का समावेश कर एक तरह से प्रकृति की ही पूजा की जाती है । आदिवासी किसान बक्खर में लगी लोहे की ब्लेड को पाश और बक्खर से पाश को कसने वाले नट बोल्ट्स को कुण्डरा कहते है ।नाड़ी चमड़े से निर्मित रस्सी को कहते है ।