
नईदुनिया प्रतिनिधि, छिंदवाड़ा। दमुआ की वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) की तानसी माइंस में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ जवानों पर अज्ञात बदमाशों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है।
हमलावरों ने सुरक्षा कर्मियों पर पथराव किया, धारदार हथियार लेकर हमला करने का प्रयास किया तथा सरकारी रायफल छीन ली, हालांकि आरोपी ले नहीं जा पाए।
बीती 16 जून 2026 की रात्रि लगभग 11:15 बजे सीआईएसएफ द्वितीय वाहिनी के प्रधान आरक्षक सतीश मरस्कोले एवं आरक्षक तीरथ बघेल तानसी माइंस क्षेत्र में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे।
घटना के दौरान एक आरोपी धारदार हथियार लेकर आरक्षक तीरथ बघेल की ओर बढ़ा। आत्मरक्षा एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जवान द्वारा हवाई फायर किया गया। सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग दल मौके पर पहुंचा और क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया।
सुरक्षा कर्मियों के अनुसार आरोपियों द्वारा लगातार पथराव किया जा रहा था तथा शासकीय सर्विस रायफल छीनने का भी प्रयास किया गया। जवानों की सुरक्षा एवं शासकीय हथियार को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से एक और हवाई फायर किया गया, जिसके बाद सभी आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए।
प्रारंभिक जांच में आशंका व्यक्त की जा रही है कि आरोपी चोरी की नीयत से खदान क्षेत्र में प्रवेश किए थे, लेकिन सुरक्षा बलों की सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई के चलते वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके।
मामले में थाना दमुआ में शिकायत दर्ज कर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण कायम किया गया । पुलिस द्वारा आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं तथा मामले की विवेचना जारी है।
यह भी पढ़ें- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के दौरे पर जबलपुर में दो दिन रहेगा नो फ्लाइंग जोन, 21 जून को तीन बड़े आयोजन