छिंदवाड़ा। शिवाजी स्मारक समिति द्वारा तिथि अनुसार छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर स्थानीय शिवाजी चौक पर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के सामने हुए आयोजन में मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष विवेक बंटी साहू, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष कन्हईराम रघुवंशी, भारतीय जनता पार्टी के नेता रमेश पोफली विशेष रूप से उपस्थित थे। इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ जनों ने दीप प्रज्वलन कर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता चौधरी चंद्रभान सिंह ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित करें एवं सर्वोत्कृष्ट निबंध को पुरस्कृत करने का विचार रखा। उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज को हिंदवी स्वराज्य संस्थापक के रूप में करते हुए एक महान योद्धा महान शासक, जिन्होंने भविष्य में किस प्रकार से राज्यों का कारोबार चलना चाहिए, किस प्रकार से राज्य की सारी प्रशासनिक व्यवस्था होनी चाहिए। इसका एक सर्वोत्तम उदाहरण उनके राज्य करने की क्षमता से हमें पता चलता है और हमें प्रेरणा मिलती है। भारत के इतिहास में सर्वप्रथम नौसेना की स्थापना भी छत्रपति शिवाजी महाराज ने की थी। उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कन्हईराम रघुवंशी ने गुरू, शिष्य की परंपरा किस तरीके से छत्रपति शिवाजी महाराज ने निभाया। इसका वृतांत सुनाते हुए बताया कि, छत्रपति शिवाजी महाराज के गुरू स्वामी समर्थ रामदास स्वामी के द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज से गुरू दक्षिणा के रूप में संपूर्ण राज्य मांगा गया। छत्रपति शिवाजी महाराज ने क्षण भर का भी विलंब ना करते हुए राज्य सिंहासन रामदास स्वामी के चरणों में रख दिया। तब गुरु रामदास जी ने उन्हें आशीर्वाद दिया और बताया कि अब आप सारे अहंकारों से मुक्त होकर राज शासन करने के लिए सक्षम हो। यह हिंदू स्वराज का भगवा ध्वज और हिंदवी स्वराज के लिए आप निरंतर कार्य करते रहे, मेरा आशीर्वाद आपके साथ रहेगा ऐसा कहते हुए पुनः सिंहासन और भगवा ध्वज उनको सौंप दिया गया। तब से भगवा ध्वज हिंदवी स्वराज के प्रतीक के रूप में संपूर्ण भारत में फहराया जाता है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक साहू बंटी द्वारा युवाओं से छत्रपति शिवाजी महाराज की कुशल रणनीति, सामरिक कार्य योजनाओं का अध्ययन कर महाराज के शौर्य को अंगीकार करते हुए देश हित के लिए कार्य करने के लिए आह्वान किया ।पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश पोफली ने अपने वक्तव्य में छत्रपति शिवाजी महाराज को राष्ट्र की धरोहर बताते हुए उनके कार्यों का स्मरण दिलाया। कार्यक्रम का संचालन शिवाजी स्मारक समिति के संतोष राय ने किया।