नईदनिया, छिंदवाड़ा (Chhindwara News)। बीते आठ दिनों से रहवासियों में तेंदुए की दहशत बनी हुई थी, जिसका गुरुवार काे पटाक्षेप हो गया।आखिरकार वन विभाग की टीम ने तेंदुए के पकड़ने में सफलता प्राप्त कर ली। रेंजर पंकज शर्मा के मुताबिक तेंदुआ यहां लगाए गए पिंजरे में कैद हो गया, जिसे पकड़ कर वन विभाग की टीम ने पेंच टाइगर रिजर्व भेज दिया है।
रेंजर पंकज शर्मा ने बताया कि पकड़े गए तेंदुए की उम्र 5 से 6 वर्ष बताई जा रही है, जिसे वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में तथा वन विभाग की निर्धारित प्रक्रिया के तहत रेस्क्यू किया गया।
तेंदुए की दस्तक के बाद वन अमले ने उसे पकड़ने के लिए दो पिंजरे लगाए थे, दोनों पिंजरों में एक-एक बकरी रखी गई थी। हालांकि तीन-चार दिन तक वह वन अमले के साथ आंख मिचौली खेलता रहा।
परासिया के उमरेठ में बाघ के बाद अब तेंदुए की मौजूदगी से लोग सकते में है। उमरेठ के चौपन टेकडी में तेंदुआ सड़क पार करते लोगों को दिखाई दिया। कई लोगों ने इस तेंदुए को देखा।
जिला पंचायत सदस्य कमलेश उइके ने मंगलवार की शाम पांच बजे तेंदुए को लेकर जानकारी दी। मोरडोंगरी खुर्द में बाघ के पगमार्क खेत में पाए गए थे। इस बाघ को लेकर वन विभाग छानबीन कर रहा था। इस बीच तेंदुए के पगमार्क दिखने से लोग परेशान हो गए।
जिला पंचायत सदस्य कमलेश उईके ने बताया कि सोमवार को आठ बजे के आसपास वे मोरडोंगरी एक विवाह समारोह मे जा रहे थे। इसी दौरान तेंदुआ सड़क पार करता दिखा। उमरेठ बाजार होने से लगातार लोग बाइक से आ रहे थे।
लोगों की आवाजाही के कारण तेंदुआ फिर जंगल में चला जाता था। इससे पहले महादेवपुरी कोयला खदान के आगे तेंदुआ देखे जाने की खबरे आई थी। मोरडोंगरी में बाघ के पगमार्क के विभाग ने सैंपल लिए हैं।