डबरा में संकरी पुलिया के नाले में स्कूटी समेत गिरने से 21 वर्षीय युवक की मौत
भाईदूज के दिन जवान बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
Publish Date: Fri, 13 Nov 2026 01:26:07 PM (IST)Updated Date: Fri, 13 Nov 2026 01:26:34 PM (IST)
एसडीआरएफ की टीम मौके पर सर्च करती हुई और मृतक विक्की परिहार का फाइल फोटो।HighLights
- नाले में गिरने से युवक की मौत
- एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
- लंबे समय से उठ रही थी मांग
नईदुनिया न्यूज, डबरा। भाईदूज के पावन पर्व पर डबरा में एक दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शहर के जेल रोड स्थित वार्ड क्रमांक 3 की संकरी पुलिया पर देर रात स्कूटी सहित नाले में गिरे 21 वर्षीय युवक विक्की परिहार की मौत हो गई। देर रात से जारी तलाश अभियान के बाद गुरुवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर युवक का शव नाले से बरामद किया। त्योहार के दिन जवान बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
विक्की अपनी स्कूटी से गुजर रहा था संकरी पुलिया से
जानकारी के अनुसार, 21 वर्षीय विक्की परिहार देर रात अपनी स्कूटी से जेल रोड स्थित संकरी पुलिया से गुजर रहा था। इसी दौरान पास से गुजर रहे ट्रेक्टर ट्रॉली से बचने की वजह से वह स्कूटी सहित पुलिया से नीचे नाले में जा गिरा। घटना की जानकारी मिलते ही युवक की तलाश शुरू की गई।
देर रात तक तलाश अभियान जारी रहा, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद गुरुवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन चलाया और काफी मशक्कत के बाद विक्की का शव नाले से बरामद किया।
भाईदूज के दिन जहां घरों में भाई-बहन के प्रेम और खुशियों का माहौल था, वहीं विक्की परिहार की मौत ने एक परिवार को जिंदगी भर का गम दे दिया। 21 वर्षीय युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वर्षों से उठ रही थी पुलिया चौड़ीकरण की मांग
हादसे के बाद जेल रोड की यह संकरी पुलिया एक बार फिर सवालों के घेरे में है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि पुलिया बेहद संकरी होने के साथ ही यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं हैं। क्षेत्र के लोग लंबे समय से पुलिया के चौड़ीकरण और सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की मांग कर रहे थे, लेकिन जिम्मेदारों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते पुलिया का चौड़ीकरण और सुरक्षा के इंतजाम किए गए होते तो शायद इस हादसे को रोका जा सकता था।
एक महीने पहले सराफा कारोबारी भी गिरकर हुआ था घायल
बुधवार देर रात हुई सकरी पुलिया पर घटना के लगभग एक महीने पहले शहर के सराफा कारोबारी धर्मेंद्र सोनी अपनी बुलट सहित नाले में गिर गए थे और उन्हें इलाज के लिए ग्वालियर भर्ती कराया गया था। धर्मेंद्र सोनी मंदिर दर्शन करने के लिए जा रहे थे तभी ये घटना हुए थी। उस वक्त भी प्रशासन से दोनों और रेलिंग लगाएं जाने की मांग की गई थी यदि उस समय रेलिंग लगा दी जाती है तो यह हादसा आज नहीं होता।