भितरवार थाने में सुनवाई न होने पर तपती सड़क पर लेटा मजदूर, 20 मिनट तक थमा रहा ट्रैफिक
काफी देर तक जब पुलिस प्रशासन की ओर से कोई विशेष सक्रियता नजर नहीं आई तो स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधेड़ मजदूर को समझा-बुझाकर सड़क से हटाया,...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 14 Sep 2026 08:28:53 PM (IST)Updated Date: Mon, 14 Sep 2026 08:29:55 PM (IST)
सड़क के बीचों बीच लेटा हुआ अधेड़। नईदुनियाHighLights
- आवेदन न लेने का आरोप, सड़क पर लेटकर जताया विरोध
- स्थानीय लोगों की समझाइश के बाद खुला रास्ता
- मजदूर ने पुलिस से लगाई सुरक्षा और कार्रवाई की गुहार
नईदुनिया न्यूज डबरा (भितरवार)। सोमवार की दोपहर आसमान से बरसती तीखी धूप और तपती धरती के बीच भितरवार थाने के सामने उस समय अजीब स्थिति निर्मित हो गई, जब एक अधेड़ मजदूर हाथों में अपना आवेदन लेकर मुख्य सड़क पर ही लेट गया। करीब 15 से 20 मिनट तक वह सड़क को ही अपना बिछौना बनाए पड़ा रहा।
उसका आरोप था कि वह अपनी समस्या को लेकर पुलिस थाने में आवेदन देने पहुंचा था, लेकिन पुलिस द्वारा उसका आवेदन नहीं लिया गया। सड़क पर अधेड़ के लेटने से आवागमन प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस रही अनजान तो स्थानीय लोगों ने बुजुर्ग को मनाया
काफी देर तक जब पुलिस प्रशासन की ओर से कोई विशेष सक्रियता नजर नहीं आई तो स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधेड़ को समझा-बुझाकर सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। इस घटनाक्रम ने पुलिस थाने में आम लोगों की शिकायत सुनने और आवेदन लेने की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए। अधेड़ के हाथों से प्राप्त आवेदन में उसने अपना नाम जगदीश रजक पुत्र भजनलाल, निवासी वार्ड क्रमांक-4 भितरवार बताया है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि वह मुकेश खटीक निवासी वार्ड क्रमांक-5, करेरा रोड भितरवार के यहां दुकान पर मजदूरी का काम कर रहा है। उसके अनुसार मुकेश खटीक द्वारा ही उसकी देखरेख करने के साथ खाना-पीना आदि कराया जाता है और वह उसकी दुकान पर ही सोता है। आवेदन में जगदीश ने यह भी उल्लेख किया है कि काम के दौरान यदि उसकी मृत्यु हो जाती है तो इसके लिए मुकेश खटीक को जिम्मेदार नहीं माना जाए।
मजदूर ने पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार
वहीं उसका आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से उसकी पत्नी आदि लोगों के द्वारा मुकेश खटीक पर दबाव बनाया जा रहा है कि उसके पति को कुछ होता है तो इसके लिए मुकेश जिम्मेदार होगा। इसके चलते उसे वहां काम करने में परेशानी हो रही है और उसे मजदूरी के स्थान से हटाए जाने की स्थिति भी बन रही है।
पीड़ित ने अपनी स्थिति से पुलिस को अवगत कराते हुए मामले में उचित कार्रवाई और राहत की मांग की है। साथ ही पीड़ित ने जिस दुकान पर मजदूरी का कार्य किया जा रहा है वहीं कार्य किए जाने की गुहार लगाई है।