नईदुनिया न्यूज, डबरा। भितरवार थाना क्षेत्र के बसई गांव में 21 वर्षीय युवती के साथ राइफल की नोक पर घर से उठाकर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। वारदात के बाद आरोपियों द्वारा युवती और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दिए जाने से वह करीब तीन महीने तक दहशत में रही और परिवार को घटना की जानकारी तक नहीं दे सकी।
चार आरोपियों पर केस दर्ज
पुलिस ने युवती की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सोमवार को तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपित घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।
मां और भाई के सामने रची दहशत की वारदात
पीड़िता के अनुसार घटना 9 मई 2026 की रात करीब 11:30 बजे की है। उस समय वह अपनी मां और बड़े भाई के साथ घर पर थी। पिता और बड़ी बहन के यहां किसी काम से बाहर गए हुए थे, जबकि भाई छत पर सो रहा था। इसी दौरान गांव के लोकेन्द्र रावत, योगेश रावत, जितेंद्र रावत और जगमोहन रावत घर में घुस आए।
... आवाज निकाली तो भाई को गोली मार देंगे
आरोप है कि जितेंद्र रावत ने पीड़िता की मां पर राइफल तान दी और धमकी दी कि यदि आवाज निकाली तो छत पर सो रहे बेटे को गोली मार देगा। इसके बाद योगेश, जितेंद्र और जगमोहन युवती को धमकाते हुए अपने साथ ले गए। युवती के मुताबिक, उसे योगेश के घर के पास ले जाया गया, जहां लोकेन्द्र और जितेंद्र ने उसके हाथ पकड़े और अन्य आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
बेटी ने राइफल पकड़ने की कोशिश की, तभी भाग निकले आरोपी
पीड़िता के अनुसार, किसी तरह उसने हिम्मत जुटाई और राइफल पकड़ने का प्रयास किया, जिससे दो आरोपी मौके से भाग निकले। इसके बाद वह आरोपियों के चंगुल से छूटकर अपने घर पहुंची। लेकिन आरोपियों ने जाते-जाते उसे और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी थी। युवती का आरोप है कि घटना के बाद भी उसे धमकाया जाता रहा कि यदि उसने किसी को जानकारी दी तो उसके भाई को गोली मार दी जाएगी। इसी दहशत के कारण वह लंबे समय तक चुप रही।
डर और तनाव में खाया जहरीला पदार्थ
लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक तनाव से परेशान होकर युवती ने कुछ दिन पहले जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे भितरवार अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया था। उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ और वह घर लौट आई, लेकिन वह लगातार डरी-सहमी रहने लगी। तब पिता ने उसकी बदली हुई मानसिक स्थिति और स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली, तब युवती ने रोते हुए पूरी घटना बता दी। इसके बाद रविवार रात परिजन उसे लेकर भितरवार थाने पहुंचे और देर रात शिकायत दर्ज कराई।
4 पर केस, 3 गिरफ्तार, एक फरार
शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने लोकेन्द्र रावत, योगेश रावत, जितेंद्र रावत और जगमोहन रावत के खिलाफ दुष्कर्म की धारा में मामला दर्ज किया। पुलिस ने सोमवार को योगेश, जितेंद्र और लोकेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया, जबकि जगमोहन रावत फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।