नशे में धुत ट्रॉले ने बाइक को रौंदा, इलाज को जा रहे दंपती व बेटी की मौत, छोटी बच्ची गंभीर
टक्कर के बाद ट्रॉला ड्राइवर भी वाहन को संभाल नहीं पाया और ट्रॉला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा गिरा।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 08:25:42 AM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 08:26:18 AM (IST)
पत्नी सीमा गौड़ और पति कमल सिंह उर्फ लल्ला गौड़ के फाइल फोटो।HighLights
- इलाज के लिए ग्वालियर जा रहा था परिवार
- मौके पर पिता-बेटी और अस्पताल में मां की मौत
- अनियंत्रित ट्रॉला खंती में गिरा, पुलिस जांच में जुटी
नईदुनिया प्रतिनिधि, भितरवार (डबरा)। पत्नी का इलाज कराने ग्वालियर जा रहे परिवार की बाइक को भितरवार-कल्याणी मार्ग पर रेलवे क्रासिंग के पास तेज रफ्तार ट्रॉले ने टक्कर मार दी। हादसे में पिता, पत्नी और बड़ी बेटी की मौत हो गई, जबकि छह साल की छोटी बेटी गंभीर रूप से घायल है। उसका ग्वालियर के अस्पताल में उपचार चल रहा है। परिवार को गुड़ी-गुड़ा नाके पर रहने वाले अपने साले के घर भी रुकना था।
बाइक से ग्वालियर जा रहा था परिवार
भितरवार नगर के शासन मोहल्ला, वार्ड क्रमांक 15 निवासी कमल सिंह उर्फ लल्ला गौड़ (35) पुत्र सुखराम गौड़ रविवार शाम पत्नी सीमा (32) और दो बेटियों संध्या व भूमि के साथ बाइक से ग्वालियर जा रहे थे। पत्नी की तबीयत खराब होने पर वे उसे उपचार के लिए ले जा रहे थे।
इसी दौरान ग्वालियर की ओर से आ रहे ट्रॉले ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से चारों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। कमल सिंह और आठ साल की बड़ी बेटी संध्या ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पत्नी सीमा और छोटी बेटी भूमि को गंभीर हालत में ग्वालियर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान सीमा की भी मौत हो गई।
टक्कर लगले ही कमल, सीमा और दोनों बच्चियां बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे
आंतरी पुलिस ने ट्रॉला ड्राइवर के संबंध में जांच शुरू कर दी है। कमल किशोर बाइक चला रहे थे। पीछे पत्नी सीमा की गोद में छोटी बेटी थी। बीच में संध्या बैठी थी। टक्कर लगते ही कमल, सीमा और दोनों बच्चियां बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। टक्कर के बाद ट्रॉला चालक भी वाहन को संभाल नहीं पाया और ट्रॉला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा गिरा।