डबरा में बर्थडे मनाकर लौट रहे परिवार पर 8 बदमाशों का हमला, आईफोन छीना; 4 घायल
जान बचाने के लिए पीड़ितों को पास के खेतों में भागना पड़ा। इस दौरान आरोपियों ने ऑटो के कांच तोड़ दिए और ड्राइवर का आईफोन भी छीनकर ले गए।
Publish Date: Fri, 13 Nov 2026 09:33:01 AM (IST)Updated Date: Fri, 13 Nov 2026 09:47:04 AM (IST)
HighLights
- ऑटो में बज रहे गाने की आवाज पर शुरू हुआ विवाद
- बाइक अड़ाकर रोका रास्ता, लाठी-डंडों से की मारपीट
- हमले में चार घायल, एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
नईदुनिया न्यूज, भितरवार। जन्मदिन का कार्यक्रम मनाकर घर लौट रहे एक परिवार के सदस्यों पर आठ युवकों ने रास्ता रोककर हमला कर दिया। हमलावरों ने ऑटो में सवार लोगों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। जान बचाने के लिए पीड़ितों को पास के खेतों में भागना पड़ा। इस दौरान आरोपियों ने ऑटो के कांच तोड़ दिए और ड्राइवर का आईफोन भी छीनकर ले गए।
घटना में चार घायल, दो की हालात गंभीर
घटना में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
ऑटो में बज रहे गाने की आवाज को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस को दिए आवेदन में कैरुआ निवासी 35 वर्षीय सुनील रजक ने बताया कि 11 नवंबर को उनके बेटे नैतिक का जन्मदिन था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रात करीब 11 बजे वह आदित्य, राहुल, बृजेश, अखिलेश, संदीप, अनुज, कपिल और उमेश रजक के साथ ओमप्रकाश रजक के आटो से अपने घर लौट रहे थे।
रास्ते में गोहिंदा गांव के अंबेडकर भवन के सामने एक दुकान पर ऑटो रुका था। इसी दौरान वहां मौजूद भानु जाटव और अजय जाटव ने ऑटो में बज रहे गाने की आवाज को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद आटो चालक वहां से आगे निकल गया।
हमलावरों ने ऑटो के आगे बाइक लगाकर रोक लिया रास्ता
सुनील रजक के मुताबिक, गोहिंदा गांव से आगे पेंता की पुलिया के पास दो अपाचे और एक डीलक्स बाइक पर सवार होकर आठ युवक पहुंचे। उन्होंने ऑटो के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया। इनमें भानु जाटव, अजय जाटव और आकाश उर्फ मोती जाटव भी शामिल थे। आरोप है कि युवकों ने ऑटो में बैठे लोगों को अश्लील गालियां देते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले से बचने लोग खेतों की ओर भागे
अचानक हुए हमले से बचने के लिए ऑटो सवार लोग आसपास के खेतों की ओर भागे। इस दौरान हमलावरों ने ऑटो के कांच तोड़ दिए और चालक ओमप्रकाश का आईफोन छीनकर ले गए। घटना के बाद घायल अपने वाहन से अस्पताल पहुंचे और उपचार कराया। इसके बाद गुरुवार दोपहर भितरवार थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
मारपीट में चार लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें दो की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें ग्वालियर रेफर किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में नामजद आठ आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि शेष सात आरोपियों की तलाश की जा रही है।