डबरा के स्कूल में घुसकर प्राचार्य व स्वजन से मारपीट, 250 बच्चे सहमे; ईंट-पत्थर फेंकने पर 4 पर केस दर्ज
प्राचार्य ताहिर अली की शिकायत के अनुसार, कुछ लोगों ने स्कूल परिसर में कारीगरों से विवाद कियाऔर उनके साथ मारपीट की।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 08:14:16 AM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 08:14:56 AM (IST)
स्कूल में हुए झगड़े के बीच भयभीत होकर भयभीत बच्चे और कक्षा में पड़े ईंट के टुकड़े l नईदुनियाHighLights
- बेलगढ़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पलायछा की घटना
- क्लासरूम तक पीछा कर मारपीट का आरोप
- ईंट-पत्थर फेंकने की शिकायत, चार पर केस दर्ज
नईदुनिया न्यूज, भितरवार (डबरा)। बेलगढ़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पलायछा स्थित अशासकीय महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल में शनिवार सुबह निर्माण कार्य को लेकर विवाद हो गया। प्राचार्य ताहिर अली की शिकायत के अनुसार, कुछ लोगों ने स्कूल परिसर में कारीगरों से विवाद किया और उनके साथ मारपीट की। घटना के दौरान स्कूल में करीब 250 बच्चे मौजूद थे, जो हंगामे और मारपीट से घबरा गए। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
आशिक-कासिम ने कारीगरों से की गाली-गलौच
ताहिर अली ने पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे स्कूल परिसर में कक्षाओं का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान ग्राम के आशिक अली और उनके पुत्र कासिम अली वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने कारीगरों से गाली-गलौज की और उन्हें अपने यहां काम करने के लिए ले जाने लगे। इस बात पर कारीगरों और दोनों के बीच बहस हुई।
प्राचार्य ने विवाद का कारण पूछो तो आरोपियों ने उनसे भी की गाली-गलौच
शोर सुनकर कार्यालय से बाहर आए प्राचार्य ने विवाद का कारण पूछा तो शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने उनसे भी गाली-गलौज की।
इसी बीच आशिक अली के परिवार के अन्य सदस्य लाठी-डंडे और ईंट लेकर परिसर में पहुंचे। ताहिर अली ने बताया कि वह सुरक्षा के लिए बच्चों के क्लासरूम की ओर गए, लेकिन आरोपित उनका पीछा करते हुए वहां पहुंचे और मारपीट की।
शिकायत में स्कूल परिसर में ईंट-पत्थर फेंकने का आरोप भी लगाया गया है। हंगामे के दौरान बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे और परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मारपीट के बाद धमकी भी दी
शिकायत के अनुसार, घटना में ताहिर अली के अलावा उनकी बहन तबस्सुम बेगम, भतीजी साबिया बानो, भतीजा अमीन अली तथा सायरा बेगम और शायद अली को चोटें आईं। आरोप है कि मारपीट के बाद संबंधित लोग धमकी देकर चले गए। ताहिर अली की शिकायत पर बेलगढ़ा पुलिस ने आशिक अली, कासिम अली, आबिद अली और आरिफ अली के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस जांच कर रही है। घटना के बाद स्कूल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है। शिकायत में प्राचार्य का पीछा करते हुए क्लासरूम तक पहुंचने का आरोप भी है।