डबरा में अंडे के ठेले पर विवाद के बाद छत से ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक के पैर में लगी गोली
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 08:24:01 AM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 08:24:43 AM (IST)
वासुदेव परिहार को पैर में लगी गोली। नईदुनियाHighLights
- भतीजे से हुए झगड़े को शांत कराने पहुंचे थे वासुदेव
- सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ गोलीबारी का वीडियो
- पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा, खेतों में सर्चिंग जारी
नईदुनिया न्यूज, डबरा। डबरा स्थित पठा पनिहार गांव में उस वक़्त सनसनी फैल गई जब बुधवार रात अंडे के ठेले पर शुरू हुआ विवाद फायरिंग तक जा पहुंचा। बीच-बचाव करने पहुंचे एक व्यक्ति पर आरोपियों ने मकान की छत से ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिसमें 43 वर्षीय वासुदेव परिहार के पैर में गोली लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
भतीजे से झगड़े के बाद छत पर चढ़े आरोपी
घायल वासुदेव पुत्र अमर सिंह परिहार ने बताया कि उनका भतीजा कालू परिहार अंडे के ठेले पर सामान लेने गया था। इसी दौरान आकाश रजक वहां पहुंचा और उससे विवाद करने लगा। झगड़ा बढ़ता देख वासुदेव भी मौके पर पहुंचे और दोनों को शांत कराने की कोशिश की। वासुदेव के मुताबिक, इसके बाद आकाश अपने साथी कमलेश, अंकित, विपिन, आदित्य, अभय और विनय रजक के साथ मकान की छत पर चढ़ गया और वहां से फायरिंग शुरू कर दी। आरोप है कि आकाश ने राइफल से गोली चलाई जो उनके पैर में लगी, जबकि उसके अन्य साथियों ने भी अवैध हथियारों से फायरिंग की।
सोशल मीडिया पर गोलीबारी का वीडियो वायरल
इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में छत से की जा रही गोलीबारी और मौके पर मची अफरा-तफरी साफ देखी जा सकती है। पुलिस इस वायरल वीडियो के आधार पर भी आरोपियों की पहचान और घटनाक्रम की पुष्टि करने में जुटी है।
एक आरोपी राउंडअप, खेतों में पुलिस की सर्चिंग
गांव में गोलीबारी की सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी संजय शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घायल को अस्पताल भिजवाया और घेराबंदी कर मौके से एक आरोपी को राउंडअप कर लिया। वहीं, वारदात के बाद फरार हुए अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम गांव के आसपास के खेतों में सर्चिंग अभियान चला रही है।
गोलीबारी की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा गया। युवक को गोली लगी है या किसी दूसरी चीज से चोट आई है, यह डॉक्टर की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। जांच के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। - संजय शर्मा, शहर थाना प्रभारी, डबरा