डबरा भितरवार में संपत्ति विवाद पर खूनी संघर्ष, पिता और चाचा के हमले में घायल युवक ने अस्पताल में दम तोड़ा
घटना के बाद पुलिस ने मृतक के पिता लख्खूराम जाटव और चाचा नरेंद्र जाटव के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 09:03:52 AM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 09:04:30 AM (IST)
HighLights
- जमीन और जेवरात के बंटवारे पर विवाद
- पत्थर से हमले में युवक गंभीर घायल
- मारपीट के केस में हत्या की धाराएं बढ़ीं
नईदुनिया न्यूज, डबरा (भितरवार)। जमीन, जेवरात और गृहस्थी के सामान के बंटवारे को लेकर परिवार में शुरू हुआ विवाद आखिरकार खूनी संघर्ष में बदल गया। पिता और चाचा के साथ हुए विवाद में गंभीर रूप से घायल हुए लोकेन्द्र जाटव ने शनिवार को ग्वालियर के अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के पिता लख्खूराम जाटव और चाचा नरेंद्र जाटव के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है।
लोकेंद्र ने फोन पर पत्नी को दी विवाद की जानकारी
पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी अनीसा जाटव मुंबई में रहकर नर्सिंग का काम करती हैं, जबकि उनके दोनों बेटे शिशुपाल और मनोज पंजाब में नौकरी करते हैं। बीते 16 नवंबर को लोकेन्द्र ने फोन पर पत्नी को घर में जमीन, गृहस्थी के सामान और जेवरात के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद की जानकारी दी थी। उसने बताया था कि स्वजन उसे पत्थर और अन्य सामान मार रहे हैं।
पिता-चाचा ने पत्थर से कर दिया हमला
इसी दिन शाम करीब 7:30 बजे ग्राम आदमपुर में घर के सामने पीपल के पेड़ के नीचे लोकेन्द्र का अपने पिता लख्खूराम और चाचा नरेंद्र से विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान चाचा नरेंद्र ने उसे पकड़ लिया और पिता लख्खूराम ने पत्थर से हमला कर दिया। हमले में लोकेन्द्र के सिर, चेहरे सहित हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आईं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल भितरवार अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे ग्वालियर के जेएएच अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां शनिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने पहले दर्ज मारपीट के प्रकरण में हत्या की धाराएं बढ़ाते हुए पिता और चाचा को आरोपी बनाया है।
16 नवंबर को जमीन के विवाद को लेकर पिता, पुत्र और चाचा के बीच झगड़ा हुआ था। इसमें पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया था। उस समय पिता और चाचा के खिलाफ मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। शनिवार को उपचार के दौरान घायल की मौत होने पर प्रकरण में हत्या की धाराएं बढ़ाई गई हैं। दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - दीपेंद्र सिंह कुशवाहा, थाना प्रभारी भितरवार डबरा