डबरा में फोम फैक्ट्री में लगी आग, कर्मचारी गंभीर रूप से झुलसा और लाखों का सामान जलकर खाक
फैक्ट्री में मटेरियल रिसाइकिलिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान शार्ट सर्किट होने से आग लग गई।
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 09:01:28 AM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 09:02:12 AM (IST)
फोम फैक्ट्री में लगी भीषण आग को काबू करता अमला। सोशल मीडियाHighLights
- रिसाइकिलिंग के दौरान शार्ट सर्किट से भड़की आग
- तीन दमकलों ने डेढ़ घंटे की मशक्कत से पाया काबू
- झुलसे कर्मचारी को ग्वालियर के अस्पताल में कराया भर्ती
डिजिटल टीम, डबरा। बिलौआ थाना क्षेत्र के रफादपुर में बुधवार देर शाम एक फोम फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से फैक्ट्री में काम कर रहा कर्मचारी नरेश बघेल गंभीर रूप से झुलस गया। उसे उपचार के लिए ग्वालियर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग से फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का सामान और मशीनरी जलने की आशंका है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम फैक्ट्री में मटेरियल रिसाइकिलिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान शार्ट सर्किट होने से आग लग गई। फैक्ट्री में फोम सहित ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग फैलती देख वहां अफरा-तफरी मच गई।
तीन दमकलों ने डेढ़ घंटे में बुझाई आग
सूचना मिलते ही बिलौआ थाना प्रभारी इला टंडन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। नगर परिषद बिलौआ की दमकल ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पिछोर और आंतरी नगर परिषद से भी दमकल बुलाई गईं। तीनों दमकलों की मदद से करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
पुलिस के अनुसार, फैक्ट्री ग्वालियर निवासी विक्रम सिंह यादव और बिलौआ निवासी हरिओम चौरसिया की है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शार्ट सर्किट सामने आई है। फिलहाल पुलिस आग से हुए नुकसान का आकलन कर रही है।