
नईदुनिया न्यूज, हटा। प्रयागराज में बड़े भाई की अस्थियां विसर्जित कर लौट रहा परिवार हटा-पन्ना मार्ग पर हादसे का शिकार हो गया। गैसाबाद थाना क्षेत्र के नकटी के पास तेज रफ्तार इको कार अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में छोटे भाई वृंदावन रजक 65 की मौत हो गई जबकि परिवार के आठ अन्य सदस्य घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रात में वाहन चलाते समय ड्राइवर को झपकी आने से कार अनियंत्रित हुई।
कार में सवार सभी लोग प्रयागराज से अस्थि विसर्जन कर अपने घर लौट रहे थे, नकटी के पास वाहन से नियंत्रण हटते ही कार सड़क पर पलट गई और सवार लोग उसमें फंस गए।
सूचना मिलते ही गैसाबाद थाना प्रभारी सौरभ शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हटा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मशक्कत कर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से सिविल अस्पताल हटा पहुंचाया।
हादसे में वृंदावन पिता मन्नूलाल रजक 65 निवासी मेनवार थाना बटियागढ़ की मौत हो गई। गंभीर घायलों में फूलरानी पति कलू रजक 65 को सागर रेफर किया गया।
पवन पिता कल्याण रजक 28 निवासी नरसिंहगढ़, खिलौनाबाई पति हरिराम 65 और झंकू पिता जुग्गा रजक 63 को दमोह जिला अस्पताल भेजा गया। ड्राइवर रामबाबू रजक 34, झल्लू और छोटेलाल, हीरालाल को सामान्य चोटें आईं।
गैसाबाद थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मृतक के शव का पंचनामा बनाया और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया। बड़े भाई की अस्थियां विसर्जित कर लौट रहे परिवार के लिए यह सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया। घटना के बाद स्वजनों में शोक व्याप्त है।