
नईदुनिया प्रनितिधि, दमोह। हटा थाना क्षेत्र के ग्राम भटिया में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शुक्रवार को लापता हुई 4 वर्षीय वैष्णवी, पिता शिवम अहिरवार, का शव करीब सात घंटे बाद घर से लगभग 50 मीटर दूर स्थित पानी से भरे गहरे पोखर से बरामद किया गया। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, वैष्णवी दोपहर करीब 3 बजे अचानक लापता हो गई थी। काफी तलाश के बावजूद जब बच्ची का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने हटा थाने में गुमशुदगी की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और खोज अभियान शुरू किया गया।
तलाशी के दौरान सबसे पहले घर के सामने बनी नाली का पानी खाली कर बच्ची की खोज की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित पानी से भरे पोखर में तलाश की गई, जहां मासूम का शव बरामद हुआ।
घटना की सूचना पर हटा एसडीओपी कृष्णपाल सिंह, हटा, गैसाबाद और पटेरा थाना प्रभारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। शाम करीब 4 बजे शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान देर रात लगभग 10 बजे तक चला। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को पोखर से बाहर निकाला गया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल हटा भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका है कि बच्ची की मौत पानी में डूबने से हुई, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।