
नईदुनिया प्रतिनिधि, दमोह। शहर के पीजी कॉलेज में गुरुवार को एलएलबी तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा देने एक मुन्ना भाई पहुंच गया, जो अपने दोस्त के नाम पर परीक्षा दे रहा था। सर्चिंग कर रही कॉलेज प्रबंधन की टीम को जब युवक पर संदेह हुआ तो उससे पूछताछ शुरू की। उसने अपना और पिता का नाम तो प्रवेश पत्र में देख कर बता दिया, लेकिन जैसे ही उससे मां का नाम पूछा, तो वह नहीं बता सका। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन ने उसे पुलिस में देने की धमकी दी तो उसने पूरा राज खोल दिया।
फर्जी छात्र हिमांशु नेमा ने बताया कि उसका दोस्त विपुल सिंघई एलएलबी में तीन साल से फेल हो रहा है। उसकी अंग्रेजी कमजोर है और मेरी अंग्रेजी बहुत अच्छी है इसलिए मैं उसके एवज में यहां पर अंग्रेजी का पेपर हल करने के लिए आया था।
केंद्र अध्यक्ष हरप्रीत कौर ने उस युवक को पुलिस के हवाले कर दिया और कोतवाली जाकर उसकी शिकायत दर्ज कराई है। अब कोतवाली में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। पुलिस ने उस दूसरे छात्र को भी पकड़ लिया है, जिसके नाम पर यह फर्जी छात्र परीक्षा दे रहा था।
कॉलेज में सर्चिंग ड्यूटी कर रहे धर्मेंद्र राय ने बताया कि वह बाजू वाले कमरे में सर्चिंग कर रहे थे। तभी दूसरे कमरे से एक प्रोफेसर हरप्रीत कौर ने आवाज लगाकर बताया की एक छात्र संदिग्ध लग रहा है। पहले पूछताछ करने पर उसने खुद को विपुल सिंघई बताया। प्रवेश पत्र में देखकर पिता का नाम भी सही बताया।
केंद्र अध्यक्ष पहले गढ़ाकोटा में रह चुकी हैं और विपुल सिंघई को कुछ हद तक जानती थी, इसलिए उन्हें शक हुआ। जब उन्होंने उससे विपुल की मां का नाम पूछा तो वह नहीं बता पाया। जब उसे पुलिस में देने की धमकी दी,9 तो डर के मारे उसने सब कुछ सच बता दिया।
युवक ने बताया कि उसका नाम हिमांशु नेमा है और वो विपुल के नाम पर परीक्षा दे रहा है। उसने बताया कि मेरा दोस्त पहले तीन बार फेल हो चुका है इसलिए अंग्रेजी का पेपर देने मैं आ गया था। मुझे विपुल ने कुछ रुपए देने का भी वादा किया था।
कॉलेज प्रबंधन से जुड़े धर्मेंद्र राय ने बताया कि असली छात्र को भी पुलिस ने पकड़ लिया है और दोनों को कोतवाली में ले जाया गया है। कॉलेज प्रबंधन के आवेदन पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है।
एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी ने बताया की एक फर्जी परीक्षार्थी एलएलबी अंग्रेजी का पेपर देते हुए पकड़ा गया है। कॉलेज प्रशासन अपनी तरफ से युवक पर कार्रवाई कर रहा है और यदि वह अपना आवेदन पुलिस को देते हैं तो धोखाधड़ी व अन्य धाराओं के तहत भी युवक पर मामला दर्ज किया जाएगा