नईदुनिया प्रतिनिधि, दमोह। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात बस स्टैंड पर चाय पी रहे तीन दोस्तों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक युवक ने अपने ही दोस्त पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू घायल युवक के पेट में ही फंस गया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
घायल को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां पांच डॉक्टरों की टीम ने सर्जरी कर चाकू बाहर निकाला। प्राथमिक इलाज के बाद उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
घटना शुक्रवार रात की है। देहात थाना क्षेत्र के गोपुरा निवासी 17 वर्षीय राज अहिरवार अपने दो दोस्तों मोनू और विकास के साथ बस स्टैंड पर चाय पीने पहुंचा था। चाय पीते वक्त किसी बात को लेकर राज और मोनू के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर मोनू ने राज के पेट में चाकू घोंप दिया। हमला इतना तेज था कि चाकू पेट में ही फंस गया और खून बहने लगा।
घटना के तुरंत बाद आरोपी मोनू और विकास मौके से बाइक पर फरार हो गए। इधर, खून से लथपथ राज को देखकर आसपास के लोगों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। सिविल सर्जन डॉ. रविंद्र सिंह, सर्जन डॉ. मुकेश जैन और अन्य विशेषज्ञों की टीम ने चाकू को ऑपरेशन कर बाहर निकाला। घायल की स्थिति नाजुक होने के कारण उसे जबलपुर रेफर कर दिया गया।
कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपी मोनू और विकास के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की दो टीमें आरोपितों की तलाश में जुटी हुई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।