मैट्रिमोनियल साइट पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर दतिया से की 66 लाख की ठगी, गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार
उप्र पुलिस ने आरोपियों के पास से छह मोबाइल, 13 सिम, सात एटीएम कार्ड और एक कार समेत अन्य सामान बरामद किया है।
Publish Date: Fri, 30 Oct 2026 11:42:13 AM (IST)Updated Date: Fri, 30 Oct 2026 11:42:41 AM (IST)
पुलिस की गिरफ्त में ठगी करने के आरोपी। नईदुनियाHighLights
- शादी का झांसा देकर करते थे ठगी
- सहानुभूति बटोरकर मांगते थे रुपये
- सिम और एटीएम कार्ड समेत सामान बरामद
नईदुनिया प्रतिनिधि, दतिया। मैट्रिमोनियल साइट शादी डाट कॉम और जीवनसाथी डाट कॉम के माध्यम से शादी का झांसा देकर युवतियों और उनके स्वजन से ठगी करने वाले गिरोह को उप्र पुलिस ने पकड़ा है। इस गिरोह ने दतिया से भी 66 लाख रुपये की ठगी की है।
मोबाइल सहित सिमें व एटीएम कार्ड बरामद
गिरोह के तीन सदस्यों को साइबर पुलिस ने बुधवार रात झांसी रोड स्थित एक घर से गिरफ्तार किया। उप्र पुलिस ने आरोपियों के पास से छह मोबाइल, 13 सिम, सात एटीएम कार्ड और एक कार समेत अन्य सामान बरामद किया है। गिरोह का एक सदस्य अभी भी फरार है।
रुपये वापस मांगने पर युवतियों के कर देते थे नंबर ब्लॉक
पूछताछ में आरोपियों ने उप्र पुलिस को बताया कि वे साइट पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवतियों से संपर्क करते थे। शादी का भरोसा जीतने के बाद उनके स्वजन को गंभीर बीमारी या दुर्घटना का हवाला देकर रुपये मांगते थे।
इसके लिए क्यूआर कोड भेजते और चिकित्सकों के पर्चे दिखाते थे। रुपये वापस मांगने पर युवतियों के नंबर ब्लॉक कर देते थे।
पुलिस ने दो रबर मुहर, दो चिकित्सकीय पर्चे और दो आधार कार्ड भी बरामद किए हैं। पकड़े गए तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
साइबर पुलिस को पांच शिकायतें मिली थी
जानकारी के अनुसार साइबर पुलिस को एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से इस तरह की पांच शिकायतें मिली थीं। इनमें मैट्रिमोनियल साइट के जरिए ठगी किए जाने की जानकारी दी गई थी। साइबर टीम ने मोबाइल नंबरों की लोकेशन के आधार पर छापा मारकर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र के कोछाभांवर निवासी उमाकांत पटेल, शहर कोतवाली क्षेत्र के उसरगांव निवासी रविकांत यादव और उमरारखेड़ा निवासी कौशल किशोर शामिल हैं। उसरगांव निवासी मंगल सिंह फरार है।