दतिया पीतांबरा पीठ निर्माण की जांच करने पहुंची टीम, तीन दिन में देगी रिपोर्ट
तीन दिन में शासन को सौंपी जाने वाली रिपोर्ट से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और मजबूती की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 02:19:29 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 02:33:11 PM (IST)
सोशल मीडियाHighLights
- मेहराब गिरने की घटना के बाद हाईकोर्ट ने दिए निर्देश
- सीमेंट, रेत व गिट्टी के नमूने लेकर लैब भी देखी
- तीन वरिष्ठ इंजीनियरों की समिति सौंपेगी जांच रिपोर्ट
नईदुनिया प्रतिनिधि, दतिया। श्री पीतांबरा पीठ मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और मजबूती की जांच शुरू हो गई है। हाईकोर्ट के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की तीन सदस्यीय राज्यस्तरीय तकनीकी समिति रविवार शाम दतिया पहुंची। समिति ने निर्माणाधीन स्थलों का निरीक्षण कर वहां उपयोग की जा रही सीमेंट, रेत, गिट्टी सहित अन्य निर्माण सामग्री के नमूने लिए। समिति को तीन दिन के भीतर जांच रिपोर्ट शासन को सौंपनी है।
निर्माण कार्य के दौरान मेहराब गिरने की हुई थी घटना
पीतांबरा पीठ परिसर में पहले निर्माण कार्य के दौरान मेहराब गिरने की घटना हुई थी। इसके बाद परिसर में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा और मजबूती को लेकर सवाल उठे थे। मामला हाईकोर्ट पहुंचने पर अदालत ने निर्माण कार्यों की छह प्रमुख बिंदुओं पर तकनीकी जांच कराने के निर्देश दिए। इसके पालन में पीडब्ल्यूडी ने 20 नवंबर को तीन सदस्यीय समिति गठित की थी।
केशव सिंह यादव को बनाया गया है अध्यक्ष बनाया
समिति में भवन, भोपाल के प्रभारी मुख्य अभियंता केशव सिंह यादव को अध्यक्ष बनाया गया है। प्रभारी अधीक्षण यंत्री प्रवीण निगम और पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री आदित्य सोनी सदस्य हैं। दतिया पहुंची टीम ने करीब एक घंटे तक निर्माण परिसर का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने निर्माण एजेंसी की ओर से मौके पर बनाई गई लैब की कार्यप्रणाली भी देखी। इसके बाद निर्माण में इस्तेमाल हो रही सामग्री के नमूने जांच के लिए लिए गए। तीन दिन में शासन को सौंपी जाने वाली रिपोर्ट से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और मजबूती की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।