दतिया में अनोखी विदाई, कार छोड़ बैलगाड़ी से दुल्हन को ले गया दूल्हा
दूल्हे का सादगी भरा अंदाज दतिया में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 09:20:22 AM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 09:20:43 AM (IST)
बैलगाड़ी में सवार दूल्हा-दुल्हन। वीडियोग्रेबHighLights
- ठंडी सड़क निवासी दीपक ने अपनाया सादगी भरा अंदाज
- दरवाजे पर बैलगाड़ी देख रिश्तेदार हुए हैरान
- विदाई के लिए तीन बैलगाड़ियों का किया गया इंतजाम
नईदुनिया प्रतिनिधि, दतिया। वर्तमान समय में शादी-विवाह में दिखावे और शान-शौकत पर लाखों रुपये खर्च करने का चलन बढ़ रहा है। कोई दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर से कराता है तो कोई महंगी लग्जरी गाड़ियों में बारात लेकर पहुंचता है। लेकिन इन सबके बीच दतिया के युवक ने शादी में कुछ अलग ही अंदाज अपनाया।
उसने न केवल सादगी का परिचय दिया, बल्कि अपनी दुल्हन की विदाई कार या किसी लग्जरी वाहन के बजाय सजी हुई बैलगाड़ी से कराई। दूल्हे का यह अनोखा अंदाज अब शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
दतिया की ठंडी सड़क का है रोचक मामला
पूरा मामला दतिया की ठंडी सड़क का है। यहां रहने वाले दीपक कुशवाह का एक दिन पहले विवाह हुआ था। बारात भांडेर रोड पर पहुंची थी। विवाह की सभी रस्में धूमधाम से संपन्न हुईं। बारात में शामिल रिश्तेदार और परिचित अपनी-अपनी कारों से शादी समारोह में पहुंचे थे। लेकिन जब अगली सुबह दुल्हन की विदाई का समय आया तो दूल्हे दीपक ने सभी को चौंका दिया।
बैलगाड़ी देखकर रिश्तेदार हुए आश्चर्यचकित
विदाई की तैयारी के दौरान दीपक ने दुल्हन को घर ले जाने के लिए दरवाजे पर एक सजी हुई बैलगाड़ी बुलवा ली। अचानक बैलगाड़ी देखकर वहां मौजूद रिश्तेदार और अन्य लोग भी आश्चर्य में पड़ गए।
शुरुआत में लोगों को लगा कि शायद यह केवल सजावट या फोटो खिंचवाने के लिए होगी, लेकिन जब दूल्हे ने स्पष्ट किया कि वह अपनी दुल्हन को बैलगाड़ी से ही लेकर जाएगा तो सभी इस अनोखे फैसले को देखते रह गए।
इसके बाद विदाई के लिए एक नहीं, बल्कि तीन बैलगाड़ियों का इंतजाम किया गया।