यूपी पुलिस की दबिश के दौरान छत से गिरकर बुजुर्ग की मौत, ग्रामीणों ने पुलिस को घेरा
घटना के बाद ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। जिन्होंने उप्र पुलिस को घेरने की कोशिश की तो पुलिस कर्मी गाड़ी में बैठकर वहां से निकल गए।
Publish Date: Sun, 25 Oct 2026 07:55:42 PM (IST)Updated Date: Sun, 25 Oct 2026 07:56:39 PM (IST)
HighLights
- दतिया के भांडेर के ग्राम उड़ीना की घटना
- लड़की भगाने के मामले में आई थी यूपी पुलिस
- भागने के दौरान पैर फिसलने से हुआ हादसा
नईदुनिया प्रतिनिधि, दतिया। दतिया के भांडेर अंतर्गत ग्राम उड़ीना में रविवार को उप्र पुलिस की दबिश के दौरान एक ग्रामीण बुजुर्ग की भागने की कोशिश में छत से गिरकर जान चली गई। घटना के बाद ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। जिन्होंने उप्र पुलिस को घेरने की कोशिश की तो पुलिस कर्मी गाड़ी में बैठकर वहां से निकल गए।
रामजी का बेटा जालौन की लड़की को लेकर हो गया है फरार
ग्रामीणों के मुताबिक ग्राम उड़ीना निवासी रामजी गोस्वामी का बड़ा बेटा भूरे गोस्वामी गुजरात के आसपास काम करता है। आरोप है कि भूरे हाल ही में जालौन उप्र निवासी किसी लड़की को लेकर भाग गया। इसी मामले में उप्र की पुलिस रविवार को भूरे के घर उड़ीना दबिश देने पहुंची। जहां पुलिस को घर में घुसते देख घबराए भूरे के पिता रामजी ने छत की तरफ दौड़ लगा दी।
पुलिस उन्हें पकड़ने दौड़ी तभी छत से उनका पैर फिसल गया और वह नीचे आ गिरे। इस घटना में रामजी की जान चली गई। गांव में हंगामे को देखते हुए फिलहाल भांडेर पुलिस गांव में मौजूद है।